उरई। जैसा कि जालौन टाइम्स ने पहले ही प्रकाशित कर दिया था नदीगांव क्षेत्र में पिछले दिनों बाइक सवार दंपत्ति को लूटने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार कर लिए गये हैं। पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगई ने अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र शाक्य के साथ पुलिस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि नदीगांव थाना प्रभारी हेमंत कुमार को बीती रात गश्त करते समय सिकंदरपुर मोड़ पर पहुंचे जहां स्वाॅट टीम प्रभारी अरुण कुमार तिवारी अपनी टीम के साथ उन्हें मिले। स्वाॅट टीम दंपत्ति को लूटने वाले गिरोह की टोह में पहले से ही थी। हेमंत कुमार और अरुण कुमार तिवारी एक-दूसरे से क्लू का आदान-प्रदान करते हुए सामी की तरफ जा रहे थे। तभी तीन व्यक्ति एक ही मोटर साइकिल पर आते हुए दिखे जो पुलिस को देखकर सकपका गये। जिससे पुलिस को इन पर संदेह हो गया। पुलिस ने तीनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार बदमाशों के नाम रामू उर्फ प्रवेश कुमार गुप्ता निवासी गोपाल गंज उरई, रंजीत यादव उर्फ पाशा निवासी लैकूपुरा थाना आटा और राघवेंद्र निरंजन उर्फ गोलू निरंजन इमिलिया थाना कोतवाली उरई बताये गये हैं। सूत्रों के मुताबिक इस खुलासे में सबसे अहम भूमिका सर्विलांस टीम ने निभाई। एसपी ने नदीगांव के थानाध्यक्ष हेमंत कुमार, उपनिरीक्षक अरविंद कुमार द्विवेदी और स्वाॅट टीम प्रभारी अरुण कुमार तिवारी के अलावा सर्विलांस प्रभारी बृजेश यादव व उनकी टीम के शोएब आलम, गौरव बाजपेयी, जगदीश चंद्र आदि की इस खुलासे के लिए सराहना की।

Leave a comment