उरई। श्रम विभाग शहर में बाजारबंदी के दिन मंगलवार को पहली बार हरकत में दिखाई दिया । श्रम अधिकारी आशीष अवस्थी आज दिन भर बाजार में मौजूद रह कर पसीना बहाते रहे जिसकी वजह से किसी की एक दुकान कहीं नहीं खुल पायी ।

नई सरकार का खौफ हर विभाग में छाया हुआ है । किसी ने लखनऊ जा कर श्रम मंत्री के यहाँ कानाफ़ूसी कर दी कि  उरई के श्रम अधिकारी तो कभी अपने दफ़्तर के बाहर निकलते ही नहीं है । आशीष अवस्थी के पास भी कम कुशल अय्यार नहीं है । इसलिये उधर लखनऊ में उनपर कतरनी लगी ही थी कि उनके भरोसे के अय्यार ने कबूतर जा जा करते हुए यह संदेश मोबाइल काल से तुरंत ही आशीष को कनवे कर दिया ।

अपने ख़िलाफ़ पेशबंदी की जानकारी से पसीना -पसीना आशीष अवस्थी ने उन पर गाज गिर पाये इसके पहले ही अपनी कर्मठता का पोस्टर चाँप डाला । उन्होने आज साप्ताहिक बाजार बंदी तोड़ने वाले एक भी दुकानदार को नहीं बख्शा । किसी दुकान को खुलने  नहीं दिया और हर दुकानदार को साफ़ शब्दो में चेता दिया कि मंगल के दिन किसी  भी एमरजेंसी के नाम पर आप अपने कर्मचारी को नहीं बुला सकते । बाल श्रम के ख़िलाफ़ भी उन्होने दुकानदारों को तेवर दिखाये जिससे बच्चों को दुकान पर रखने वालों के होश बैरंग हो गए ।

 

Leave a comment