
कोंच-उरई । चैत्र शुक्ल प्रतिपदा बुधवार से चैत्र नवरात्र प्रारम्भ हो गये हैं, अलस्सुबह से ही विभिन्न देवी मंदिरों में जलाभिषेक के लिये महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सनातनी घरों में घट स्थापन किये गये और शाम से देर रात्रि तक दर्शनार्थी मंदिरों में मत्था टेकने के लिये आते रहे। नवरात्रि को लेकर मंदिरों में मां दुर्गा के नयनाभिराम श्रंृगार किये गये हैं। निर्दिष्टï दिवालों में और बोलावदी को लेकर शाम को जवारे बोये गये। हिंदू पंचाङ्ग के अनुसार आज से नव सम्वत्सर भी प्रारम्भ हो गया है, लोगों ने नये वस्त्र धारण कर इस नये बर्ष का स्वागत किया और एक दूसरे को शुभकामनायें दीं।
शक्ति उपासना का प्रमुख पर्व चैत्र नवरात्र आज बुधवार से प्रारम्भ हो गये हैं। भोर में ही देवी मंदिरों में जलाभिषेक का सिलसिला प्रारम्भ हो गया था और महिलाओं की भारी भीड़ मैया के पद प्रच्छालन के लिये उमड़ी।
सबसे ज्यादा भीड़ बड़ी माता मंदिर और सिंह वाहिनी मंदिर में रही। घरों में कलश स्थापना के साथ नवरात्रि का शुभारंभ हुआ, लोगों ने विधि विधान के साथ कलश स्थापित किये और मां दुर्गा की आराधना में लग गये। इसके अलावा विद्वान ब्राह्मïणों द्वारा घरों में दुर्गा सप्तशती के पाठ भी प्रारंभ कराये गये। शाम के समय दर्शनों के लिये मां सिंह वाहिनी, हुल्कादेवी, शीतला माता, धनुताल स्थित कालीजी, आनंदी माता, बोदरी माता, भारत माता, फरफरा देवी, नारायणपुरी मंदिर में श्रद्घालुओं का तांता शुरू हुआ जो देर रात्रि तक जारी रहा। सिंह वाहिनी मंदिर में मुख्य पुजारी सीताराम पंडा की देखरेख में संजय व विजय ने मैया का नयनाभिराम श्रृंगार किया, मैया के दर्शनों को पाकर श्रद्घालु कृतकृत्य हो गये। नगर पालिका परिषद् की ओर से चेयरपर्सन प्रतिनिधि विज्ञान विशारद सीरौठिया ने सभी मंदिरों तक के पहुंच मार्गों पर विद्युत प्रकाश की उम्दा व्यवस्था कराई थी, साफ सफाई और कलई भी डलवाने की सुंदर व्यवस्था की गई थी। पुराने अनुभवों से सीख लेकर शांति और सुरक्षा के दृष्टिïगत प्रमुख मंदिरों पर फिलहाल पुलिस व्यवस्था देखने को अभी तक तो मिली नहीं। कोतवाल देवेन्द्रकुमार द्विवेदी ने उपलब्ध फोर्स के आधार पर बड़ी माता, सिंह वाहिनी, काली माता मंदिर पर महिला सिपाहियों के अलावा पुरुष सिपाही भी लगाने की बात की है। सीमावर्ती बैरागढ में भी मां शारदा के दर्शनों के लिये श्रद्घालुओं की भारी भीड़ होने के समाचार मिले हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीओ से मिले भाजपाई
नवरात्र प्रारंभ होने और इसी के साथ मंदिरों में बढती भीड़ को देखते हुये सुरक्षा के प्रबंध नहीं होने से नाराज भाजपाइयों ने बुधवार को सीओ नवीनकुमार नायक से मुलाकात की और मंदिरों
तथा उनके पहुंच मार्गों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई। पार्टी नगर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, महामंत्री अमित उपाध्याय, जिला पदाधिकारी सुनील शर्मा, श्यामविहारी तीते, संजय सोनी आदि ने सीओ से कहा कि मातायें बहनें भोर में ही जलाभिषेक के लिये मंदिरों की ओर निकल पड़ती हैं लेकिन देखने में आया है कि मंदिरों या उनके आसपास एक भी पुलिस मैन या महिला सिपाही मौजूद नहीं थे। इस स्थिति में चेन स्नेचिंग या छेड़छाड़ की घटनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता है। सीओ ने उनकी बात को गंभीरता से लेते हुये न केवल सुरक्षा के पर्याप्त उपाय करने का भरोसा दिलाया बल्कि तत्काल ही एक पत्र कोतवाली पुलिस के लिये भी लिख कर व्यवस्था कराने के निर्देश दिये।





Leave a comment