सिरसाकलार-उरई। इसे लापरवाही कहें या जुर्रत सीएम आदित्य नाथ योगी का साफ-सफाई का फरमान स्थानीय थाने में कराहता नजर आ रहा है। हालत यह है कि थाने का नारकीय परिवेश मुख्यमंत्री द्वारा साफ-सफाई के लिए की गई पहल के बाद और ज्यादा बदरंग हो गया है।
सीएम आदित्य नाथ योगी ने प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हजरत गंज कोतवाली के निरीक्षण के दौरान पुलिस कार्यालय और थानों की साफ-सफाई का फरमान सुनाया तो सीनियर अफसर तक झाड़ू लेकर गंदगी हटाने के लिए मैदान में आ गये। जिले में भी तमाम थानों ने इस पर अमल करने में जबर्दस्त फुर्ती दिखाई है। एसपी और एडीशनल एसपी तक साफ-सफाई में सहभागिता से पीछे नही हटे।
लेकिन दूसरी ओर सिरसाकलार के थानाध्यक्ष शिवमोहन प्रसाद शायद अपनी दमदारी का सबूत देने के लिए थाने का हुलिया ठीक करने की बजाय और ज्यादा बिगाड़ने में लगे हैं। थाना परिसर यहां तक कि सिपाहियों की बैरक में भी गंदगी का अंबार है। पीने के पानी की जगह भी गंदगी से अछूती नही है। हालत यह है कि थाने का नजारा देखने भर से लोग बीमार हो सकते हैं। इस बारे में जालौन टाइम्स की टीम ने जब प्रभारी निरीक्षक शिवमोहन प्रसाद से पूंछा तो उन्होंने कहा कि पुलिस में बहुत जरूरी काम हैं। इसके बाद जैसे ही फुर्सत मिलेगी साफ-सफाई भी करा दी जायेगी।

Leave a comment