उरई। सूबे में निजाम बदलने के बाद पुलिस स्मार्ट होने की कोशिश तो बहुत कर रही है लेकिन फिर भी उससे हालात संभल नही पा रहे हैं। गोहन थाना क्षेत्र के एक गांव में बीती रात चोरों ने तीन घरों में हाथ साफ करके पुलिस की चुस्ती की धज्जियां उड़ा दीं।
प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद सरकार में शीर्ष स्तर पर सबसे ज्यादा निगहबानी अपराधों पर की जा रही है। लेकिन पुलिस की अभी तक को जो करतूते रही हैं उससे अपराधी इतने शहजोर हो चुके हैं कि उन पर खाकी के भभके का कोई असर नही हो रहा। गोहन थाना क्षेत्र के नवीपुर गांव में रात में चोरों के एक गिरोह ने मुन्ना, शिवप्रसाद और नईम के घर हाथ साफ कर दिये। इनके घरों से नगदी व सामान सहित लगभग दो लाख रुपये की चपत चोरों द्वारा लगा दी जाने का अनुमान है।
सुबह सामूहिक चोरियों का पता चलने पर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार त्रिपाठी सटपटाये से छानबीन की कवायद करते रहे। बताया जाता है कि नवीपुर हल्के के इंचार्ज दिनेश गिरि को तो वसूली के अलावा कुछ आता ही नही है। गश्त की अर्ज करने पर उनका मिजाज बिगड़ जाता है। थानाध्यक्ष भी उनसे मौसेरे भाई का रिश्ता रखने के कारण कुछ कहते नही हैं। अब इन चोरियों के बाद उनकी जो भद पिटी है उसे संवारने के लिए कब किसको बलि का बकरा बनाकर वर्कआउट की प्रेस कांफ्रेस का मंच वे जिला मुख्यालय पर संजवाते हैं। इसका इंतजार किया जा रहा है।

Leave a comment

Recent posts