उरई। पिछले वर्ष हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर दम तोड़ देने वाले ग्रामीण के परिवार को शासन से प्राप्त दो लाख रुपये की चैक सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपी गई।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के इगुंई कलां गांव में गत वर्ष 18 अक्टूबर को विद्युत दुर्घटना में सईद खान की मौत हो गई थी। जिलाधिकारी संदीप कौर ने उनके परिवार की दयनीय आर्थिक हालत को देखते हुए शासन स्तर पर सहायता के लिए लिखापढ़ी की थी। जब तक सहायता मंजूर हुई चुनाव प्रक्रिया शुरू हो जाने से धनराशि निर्गत नही हो पाई। सोमवार को शासन से इस संबंध में उपलब्ध कराई गई दो लाख रुपये की सहायता चैक को जिलाधिकारी संदीप कौर ने आज मृतक सईद खान की पत्नी नफीसा को सौंपा तो अपने शौहर की याद करके गमगीन नफीसा की आंखों में आंसू छलक उठे। चैक सौंपते समय विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशाषी अभियंता भी डीएम कार्यालय में उपस्थित थे।

Leave a comment