उरई। पेयजल संकट से बचाव रखने के लिए सभी खराब हैंडपंपों को युद्ध स्तर पर सुधारने की कार्यनीति बनाई जाये। यह निर्देश जिलाधिकारी संदीप कौर ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नगर निकायों की समीक्षा बैठक में दिये।
उन्होंने समस्त अधिशाषी अधिकारियों से कहा कि वे जल निगम से हैंडपंपों का सर्वें करा लें कि उनमें से कितने मरम्मत योग्य है और कितनों का रीबोर जरूरी है। उन्होंने 15 दिन के अंदर सभी खराब हैंडपंप टनाटन करने को कहा।
बैठक में उन्होंने नलकूप विभाग के अधिशाषी अभियंता से कहा कि वे यह सुनिश्चित करें कि गर्मियों में कोई भी नलकूप विद्युत या यांत्रिक खराबी की वजह से ठप्प न रहे। इसके अलावा नलकूपों से उनके कमांड एरिया के पोखर व तालाब भी प्राथमिकता के आधार पर भरवा दिये जायें तांकि मवेशियों के प्यासे मरने की नौबत पैदा न हो।
अधिशाषी अधिकारियों से उन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में नालों की सफाई भी समय रहते कराने को कहा जिससे बीमारी फैलने का अंदेशा न पनप सके। उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश गर्मी के मौसम के मददेनजर दिये। बैठक में अपर जिलाधिकारी आरके सिंह, नलकूप विभाग के अधिशाषी अभियंता श्री गौड़ और उरई नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी रविंद्र कुमार उपस्थित थे।







Leave a comment