जालौन-उरई । अमन चैन को चुनौती के गंभीर मौके पर अपनी मजबूत सरपरस्ती का एहसास कराने की वजह से निवर्तमान एस डी एम शीतला प्रसाद यादव की मुरीद क्षेत्र की जनता उनके तबादले से सदमे में है । सैकड़ों लोगों ने डी एम से आग्रह किया है कि उनका तबादला रोका जाये क्योंकि अभी क्षेत्र की जनता को कुछ दिन और उनकी सेवाओं की दरकार है ।

हाल के वर्षों में जालौन में शीतला प्रसाद  जितना हर दिल अजीज एसडीएम कोई नहीं रहा। हर जाति, धर्म और वर्ग के लोगों के दिल में उन्होने अपने काम से जगह बना ली थी ।  कुछ मौके ऐसे आए जब जालौन में आग लग सकती थी । लेकिन वे जब सामने आ गए तो उन पर अपार भरोसा होने की वजह से भीड़ का गुस्सा थम गया ।

हाल में राम रथ यात्रा के जुलूस में बनी तनाव पूर्ण स्थिति को उन्होने जिस तरह से सम्हाला वह इसकी मिसाल है । इसके पहले ट्रक पलटने से बैलगाड़ी घर में सो रहे लौहपीटा परिवार की मौत के बाद दंगा भड़का जिसमें उनकी व्यवहार कुशलता की वजह से नियंत्रण हुआ ।

इसके पहले बस एक्सीडेंट में दादा , पौते की मौत पर जो बवाल भड़का उसमें भी शीतला प्रसाद का रोल ही शांति की बहाली में कारगर रहा । इसी कारण उनके तबादले से जालौन के जन मानस में जबरदस्त बेचैनी है । लोग एक स्वर से डी एम संदीप कौर से शीतला प्रसाद को कुछ दिन और जालौन में ही बनाये रखने की माँग कर रहे हैं ।

Leave a comment