0 थाना पुलिस ने दुत्कारा पीडि़ता को, एसपी के आदेश पर लिखा मुकदमा
कोंच-उरई। गुजरी 6 अप्रैल की रात्रि घर में अकेली एक नाबालिग किशोरी के साथ गांव के ही एक दबंग किस्म के व्यक्ति ने पकड़ कर दुराचार का प्रयास किया। चिल्लाने पर उक्त दबंग तथा बाहर पहरेदारी कर रहे दो अन्य व्यक्ति धमकी देते हुये भाग गये। पुलिस ने उक्त दबंग के खिलाफ संगीन धाराओं सहित पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है। मामला कैलिया थाने के ग्राम सलैया का है। थाने गई पीडि़ता को पुलिस ने दुत्कार कर भगा दिया तब उसने एसपी के यहां शरण ली, एसपी के ही आदेश पर एफआईआर लिखी गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक कैलिया थाने के ग्राम सलैया बुजुर्ग निवासी एक सोलह बर्षीय किशोरी गुजरी 6 अप्रैल की रात्रि लगभग नौ बजे घर में अकेली थी। उसी समय गांव के ही दबंग किस्म के व्यक्ति कल्लू उर्फ कालिया पुत्र भगवत कौरव ने घर में घुस कर उक्त किशोरी को पकड़ लिया और उसके शरीर के साथ अश्लील हरकतें करने लगा, यहां तक कि उसने किशोरी के इजारबंद खोल कर उसे नीचे पटक लिया और दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। भयभीत किशोरी जोर जोर से चिल्लाने लगी, उसकी चिल्लाने की आवाजें सुन कर भाभी आ गई तो हमलावर भाग खड़ा हुआ। पीड़ित किशोरी जब शिकायत करने कैलिया थाने गई तो उसे न्याय देने के स्थान पर वहां से दुत्कार कर भगा दिया गया। बीती देर शाम किशोरी ने एसपी के यहां जब गुहार लगाई तब कहीं जाकर किशोरी की तहरीर पर कैलिया पुलिस ने भादंवि की धारा 452, 354 ए, 376/511 तथा 78 पॉक्सो एक्ट में एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Leave a comment