कोंच-उरई। शासन के निर्देश पर भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 126वीं जयंती के अवसर पर प्रशासन द्वारा तहसील में डिजिधन मेले का आयोजन किया गया। मेले में तमाम विभागों को अपने स्टाल लगा कर उनकी योजनाओं से आम जनता को लाभान्वित कराने के निर्देश दिये गये थे जिसके चलते स्टाल तो लगे लेकिन उनकी उपादेयता लोगों के समझ में नहीं आई। डिजिधन मेले के माध्यम से खासतौर पर डिजिटल लेनदेन के बारे में व्यापक प्रचार प्रसार करने के निर्देश थे लेकिन बिशेषज्ञों के अभाव में यह काम हो नहीं सका।
विधायक मूलचंद्र निरंजन ने एसडीएम मोईन उल इस्लाम के साथ जाकर विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया और सभी विभागों को निर्देश दिये कि जनता को शासन द्वारा संचालित योजनाओं का समुचित लाभ दिलाने में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाये। मेले में विद्युत विभाग के एसडीओ कौशलेन्द्रसिंह के निर्देशन में प्रभुदयाल, राजीव गौतम, वेदप्रकाश, इरशाद अहमद, कुलदीप झा आदि ने स्टाल लगा कर बिजली संबंधी जानकारियां दीं और एलईडी बल्वों की बिक्री की। नगर पालिका के अनुराग गुप्ता, अग्निवेश दुवे, नीरज दुवे आदि ने ऑनलाइन फॉर्म भरे जाने व पेंशन आदि के बाबत जानकारी दी। दूरसंचार निगम के एसडीओ वेदप्रकाश पटेल, दीपेश, मोहम्मद हारुन, गौरीशंकर ने अपने विभाग के बारे में जानकारी दी। आपूर्ति विभाग के स्टाल पर एआरओ अखिलेश कुमार सरोज ने खाद्य सुरक्षा की जानकारी दी। गल्ला मंडी से मंडी निरीक्षक रविकुमार, मंडी सहायक अशोकसिंह, अजीम, परिवहन विभाग से लिपिक आरके गौतम, इलाहाबाद बैंक, राजस्व विभाग, लोकवाणी केन्द्र, आधार कार्ड, पेन कार्ड आदि को लेकर भी बताया गया।
बोले विधायक, निरस्त हों अपात्रों के राशन कार्ड
खाद्य सुरक्षा योजना में अपात्रों की भरमार पात्र गृहस्थियों में होने के कारण पात्रों को नहीं मिल पा रहे इस योजना के लाभ को ध्यान में रखते हुये विधायक मूलचंद्र निरंजन ने इस पर गंभीर रुख अख्तियार किया है, स्टालों के अवलोकन के दौरान विधायक ने एसडीएम से कहा भी कि खाद्य सुरक्षा योजना के तहत हजारों अपात्र लोगों के राशन कार्ड बन गये हैं जिसके चलते सही पात्रों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इन कार्डों की निष्पक्ष ढंग से जांच कराई जाये और जो भी अपात्र सूची में हों उन्हें तत्काल बाहर का रास्ता दिखा कर पात्रों को सूची में शामिल किया जाये।







Leave a comment