उरई : अलग-अलग जगहों पर हुए हादसों में रविवार को तीन लोगों की मौत हो गई। दो की मौत ट्रेन से कटकर हुई है जबकि एक व्यक्ति को ट्रक ने कुचल दिया। घायल हालत में उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
एट व पूंछ के बीच रविवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से 50 वर्षीय बद्रीप्रसाद पुत्र आनंदी की मृत्यु हो गई। वह चित्रकूट का रहने वाला है। सुबह वह पटरी पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रेन आ गई और उसके चीथड़े उड़ाते हुए वहां से गुजर गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। उधर आटा रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से कटर युवक की मृत्यु हो गई। मृतक की उम्र 22 साल होगी। अभी तक उसकी शिनाख्त हो पायी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि ट्रेन से गिरने की वजह से उसकी मृत्यु हुई है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा का कहना है कि मृतक की शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है। उधर आटा में टोल प्लाजा के पास सड़क पार कर रहे रजनेश (25) पुत्र लालराम निवासी ग्राम नगला टिहरी, थाना जसवंतनगर जनपद इटावा की मृत्यु हो गई। रजनेश ट्रक ड्राइवर है। ट्रक में कोई खराबी आ गई थी, जिसकी वजह से वह सड़क किनारे ट्रक खड़ाकर मैकेनिक के पास जा रहा था इसी दौरान सड़क पार करते समय एक ट्रक ने उसे कुचल दिया। गंभीर हालत में उसे पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।







Leave a comment