उरई : जोल्हूपुर मोड़ से मदारीपुर को जाने वाली सड़क का जल्दी ही कायाकल्प होने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग खंड तृतीय ने इस सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव सांसद से मिलकर तैयार कराया है ताकि इसको शासन से अनुमति मिल सके। सड़क का चौड़ीकरण और नवीनीकरण हो जाने के बाद लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिल जाएगी।

जोल्हूपुर मोड़ तक फोरलेन बनी हुई है लेकिन यहां से मदारीपुर को जाने वाली सड़क अपेक्षाकृत कम चौड़ी है साथ ही सड़क की हालत भी ज्यादा अच्छी नहीं है। जिसके चलते लोगों को आने जाने में भारी समस्या का सामना करना पड़ता है। यह सड़क सीधे औरैया रोड़ पर जाकर मिलती है जिससे इस सड़क पर आवागमन अधिक रहता है। कई बार स्थानीय लोग सड़क को बनवाने की मांग कर चुके हैं। जिसके बाद लोक निर्माण विभाग खंड तीन के अधिशाषी अभियंता एसपी ओझा ने सांसद से मिलकर इस सड़क को स्वीकृत कराने के लिए कहा साथ ही प्रस्ताव भी तैयार कराया है। जिसमें सड़क का नवीनीकरण होने के साथ ही कम से कम सात मीटर चौड़ी करने का भी प्रस्ताव है। अधिशाषी अभियंता ने बताया कि उम्मीद है कि जल्दी ही सड़क को मंजूरी मिल जाएगी। अगर यह काम हो गया तो आस पास के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आने जाने में सहूलियत हो जाएगी। उन्होंने बताया कि सड़क के लिए वह स्थानीय विधायक से भी मिले हैं।

Leave a comment