0 जमा काउंटर से उड़ाये गये रुपये, पुलिस खंगाल रही है सीसी टीवी फुटेज
कोंच-उरई। इलाहाबाद बैंक मंडी शाखा के आसपास सक्रिय टप्पेबाजों ने आज एक व्यक्ति को फिर से निशाना बना डाला, बैंक में जमा कराने गया व्यक्ति जमा काउंटर पर जब जमा पर्ची भर रहा था तभी किसी टप्पेबाज ने उसके कुर्ते की बगल की जेब में पड़े चालीस हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई है और सीसी टीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक वीरेन्द्र सिंह (52) पुत्र रामसिंह कुशवाहा निवासी ग्राम गोवर्धनपुरा ने अपना खेत चालीस हजार में जुताया था और वही पैसा लेकर वह इलाहाबाद बैंक की मंडी शाखा में जमा कराने गया था। 500 रुपये के 40 नोट तथा 2000 के दस नोट वह अपने कुर्ते की बगल बाली जेब में डाले था। जमा काउंटर पर जाकर वह जमा पर्ची भरने लगा और जब उसने नोट निकालने के लिये जैसे ही जेब में हाथ डाला तो उसके चेहरे की हवाइयां उडने लगीं। उसके नोट किसी ने पार कर दिये थे। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई जिस पर मंडी चैकी इंचार्ज अरविंद कुमार द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की पड़ताल की। पुलिस बैंक के सीसी टीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है। एसआई द्विवेदी का कहना है कि सीसी टीवी पुटेज में फिलहाल कुछ भी नहीं मिला है, उन्होंने मामले पर संदिग्धता भी जाहिर की है।

Leave a comment