उरई। बाइक चोर गिरोहों के खिलाफ जिले की पुलिस आये दिन कार्रवाई के दावे करती है लेकिन हकीकत यह है कि मौजूदा समय सबसे ज्यादा सक्रिय बाइक चोर पुलिस की पकड़ से बाहर हैं जिसके चलते मोटर साइकिल चोरी की घटनाएं ताबड़तोड़ जारी हैं। पिछले 24 घंटे में अकेले उरई कोतवाली में मोटर साइकिल चोरी की तीन एफआईआर दर्ज की गईं जो इसकी जीती जागती मिसाल कही जा सकती है।
दो दिन पहले ही आटा पुलिस ने मोटर साइकिल चोरी के एक बड़े गिरोह को छिन्न-भिन्न करते हुए तीन को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 10 बाइक बरामद किये जाने की जानकारी दी थी। उम्मीद यह थी कि इन गिरफ्तारियों के बाद मोटर साइकिल मालिकों को राहत मिलेगी। लेकिन यह आशा नाकाम साबित हो रही है।
नया रामनगर निवासी राघवेंद्र सिंह निरंजन की बजाज डिस्कवर मोटर साइकिल रविवार को गोपाल गंज से कोई बदमाश पार कर ले गया। उन्होंने तमाम कोशिशें की लेकिन जब गायब अपनी मोटर साइकिल का कोई पता नही चला तो उन्होंने कोतवाली में मुकदमा दर्ज करा दिया है।
उधर रघुवीर धाम में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आये जालौन के मोहल्ला पुरानी नझाई निवासी पवन की बुलट मोटर साइकिल पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। उन्होंने भी कोतवाली उरई में मुकदमा लिखा दिया है। मोहल्ला गांधी नगर निवासी खेमचंद्र राजपूत की हीरा डीलक्स मोटर साइकिल तो राजमार्ग पर सबसे व्यस्त प्वाइंट माने जाने वाले एचडीएफसी बैंक के सामने से पार हो गई। पुलिस ने इस चोरी की रिपोर्ट भी दर्ज कर ली है। इसके पहले भी मोटर साइकिल चोरी के कई मुकदमें दर्ज हैं जिनमें पुलिस अभी तक कोई खुलासा नही कर पाई है।

Leave a comment