उरई । किशोरी से घर में घुस कर छेड़छाड़ के  मामले में थाना कुठौंद के गाँव गोरा राठौर में खूनी जंग छिड़ गयी। लगभग एक दर्जन लोग इसमें लहूलुहान हो गए । एक को हालत ज्यादा गंभीर होने की वजह से उसे इलाज के लिए  मेडिकल कालेज रेफर किया गया है ।

उक्त गाँव में एक घर में किशोरी अकेली थी । इसी बीच उसकी माँ पड़ोस से अचानक  वापस लौट आयी तो घर में गाँव के ही एक युवक को देख उसका पारा चढ़ गया । उसके ज़ोर-ज़ोर से चिल्लाने पर युवक घर से भागा निकला । तब तक किशोरी का  पिता भी आ गया ।

देखते देखते मामला इतना तूल पकड़ गया कि दोनों पक्षों के लोग रिश्तेदारों सहित तलवार , फरसा और लाठी ,डंडे ले कर एक दूसरे पर टूट पड़े । इस महाभारत में एक पक्ष से उदयभान , विजय सिंह ,वीरपाल,  राम नरेश आदि और दूसरे पक्ष से कमलेश , उसकी पत्नी ,गोविन्द आदि घायल हो गए । पुलिस ने  सूचना मिलने के बाद सबसे पहले घायलों को गाँव से ला कर कुठौंद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। इनमें वीरपाल की हालत अधिक गंभीर थी । उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डाक्टर ने रेफर कर दिया । मुक़दमा लिखाने के लिए दोनों पक्षों ने थाने में अलग – अलग तहरीर दी है ।

Leave a comment