उरई : एट थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम पिरौना के पास एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़े युवक को कुचल दिया। दुर्घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि वह किसी ट्रक का क्लीनर है। कुछ लोगों ने उसे ट्रक से उतरते हुए देखा था। इस बीच तेज गति में आ रहे एक ट्रक ने उसे कुचल दिया। पुलिस ने पंचनामा भर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सोमवार दोपहर एक बजे के आसपास हाईवे पर पिरौना टोल प्लाजा के पास एक युवक को ट्रक ने कुचल दिया। जिससे मौके पर ही युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक लेकर चालक भाग जाने में सफल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।एसओ मनोज कुमार यादव का कहना है कि मृतक की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। इतना जरूर पता चला है कि वह किसी ट्रक का क्लीनर है। उसकी शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है। उधर राठ रोड पर एक ट्रैक्टर ने सामने जा रही बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार हरीराम (20) एवं मूलचंद्र (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। उधर मड़ोरा के पास एक बाइक फिसलने से कमलेश (56) निवासी हरदोई गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

Leave a comment