0 मामले में एसडीएम ने दिये जांच के आदेश
कोंच-उरई। एक तरफ सरकार लोगों को पेयजल मुहैया कराने के लिये करोड़ों रुपये खर्च कर नये हैंडपंप जरूरत के स्थानों पर स्थापित कराने में लगी है तो दूसरी तरफ कतिपय लोग सरकारी हैंडपंप को ही काट कर निगल गये हैं। ऐसा ही एक मामला कस्बे के बीच बाजार में सामने आया है, भगवान मार्केट के डाकघर की तरफ खुलने बाले गेट के पास स्थापित हैंडपंप को रातों रात काट कर मिसमार कर दिया गया। इसकी खबर जब प्रशासन को मिली तो एसडीएम मोईन उल इस्लाम ने पुलिस को मामला देखने के निर्देश दिये और पुलिस ने कटा हुआ हैंडपंप बरामद भी कर लिया था लेकिन आगे की कार्यवाही टांय टांय फिस्स हो गई। आज तहसील दिवस के दौरान एसडीएम ने जेई जल संस्थान को मामले की जांच कर आगे की कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं।
रामगंज से डाकघर की ओर जाने बाले रास्ते में महावीर जी के मंदिर के पास सरकारी हैंडपंप स्थापित था। उक्त हैंडपंप को पहले खराब कर निष्प्रयोज्य बनाया गया फिर उसे मिसमार करने की योजना भी तैयार कर ली गई जिसके तहत चार दिन पूर्व रात के अंधेरे में उस हैंडपंप को काट कर उसके सारे चिन्ह मिटा दिये गये। हालांकि इसकी सूचना जब एसडीएम मोईन उल इस्लाम को कतिपय लोगों ने दी तो उन्होंने पुलिस को भेज कर मामला देखने के लिये कहा। सागर चैकी इंचार्ज घनश्याम सिंह उसी वक्त मौके पर पहुंचे तो उन्होंने कटा हुआ हैंडपंप बरामद भी कर लिया लेकिन आगे की कार्यवाही टांय-टांय फिस्स हो गई। मंगलवार को तहसील दिवस के दौरान ये मामला अचानक ही एक बार फिर सुर्खियों में आ गया तो एसडीएम ने जेई जल संस्थान को समूचे प्रकरण की जांच कर आगे की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दे दिये हैं। एसडीएम ने कहा है कि सरकारी संपत्ति का नुकसान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।







Leave a comment