उरई : नगर कोतवाली क्षेत्र में गोपालगंज स्थित सब्जी मंडी में बुधवार रात संदिग्ध हालात में आग लग गई। आग ने जब विकराल रूप धारण कर लिया तब वहां खलबली मची। सूचना मिलने के बाद दमकल गाड़ी मौके पर पहुंच गई। करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। तब तक सात दुकानें खाक हो चुकी थीं। दुकानों में आग से एक लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग कैसे लगी अभी यह साफ नहीं हो पाया है।

बुधवार रात एक बजे के आसपास गोपालगंज स्थित सब्जी मंडी में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि सात दुकानें उसकी चपेट में आ गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर कर्मी टैंकर लेकर मौके पर पहुंच गये और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। टट्टर में संचालित सात दुकानों में रखा पूरा सामान खाक हो गया। मूलचंद्र की दुकान में करीब 40 हजार रुपये की सब्जी रखी थी। सब कुछ नष्ट हो गया। इसके अलावा गुड्डू, पप्पू कोटरा, अजय, अहमद, राजू व आरिफ की दुकानों में 10 से 15 हजार रुपये के बीच नुकसान हुआ है। 7 दुकानें पूरी तरह से जल गईं। आग कैसे लगी अभी यह साफ नहीं हुआ है। अनुमान लगाया जा रहा है कि शार्ट सर्किट या फिर विवाह घर में आयोजित समारोह में की गई आतिशबाजी की चिंगारी दुकान पर गिरने से आग लगी है। प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता का कहना है कि जांच की जाएगी कि किन हालातों में दुकानों में आग लगी। पहले भी इस सब्जी मंडी में कई बार आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं।







Leave a comment