कोंच-उरई । कोंच के एक मोहल्ले से दो दिन पूर्व बहला फुसला कर भगाई गई एक लड़की के मामले में उसके पिता ने एक नामजद सहित चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। शक के आधार पर लड़की के पिता ने उस युवक की नामजदगी कराई है जिससे पहले लड़की की शादी तय हुई थी लेकिन बाद में किेसी बात को लेकर हुई अनबन के बाद रिश्ता टूट गया। हालांकि बाद में लड़की के घरबालों को सही जानकारी मिल गई है कि उसकी लड़की मोहल्ले के ही एक लड़के के साथ गई  है लेकिन तब तक एफआईआर दर्ज की जा चुकी थी।
मिली जानकारी के मुताबिक नगर के बाहरी इलाके की एक बस्ती से गुजरी 18 अप्रैल को एक लड़की को बहला फुसला कर भगा ले जाने का मामला सामने आया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब लड़की नहीं मिली तो परिजनों ने समथर निवासी एक नामजद युवक तथा तीन अज्ञात लोगों पर उसकी लड़की को बहला फुसला कर अगवा कर ले जाने का आरोप लगाते हुये कोतवाली में प्रार्थना पत्र दे दिया। उसने बताया कि लड़की घर से जाते समय घर में दुकानदारी का रखा तीस हजार रुपया, मंगलसूत्र, पाजेब आदि भी ले गई है। लड़की के पिता ने समथर निवासी जिस लड़के का जिक्र तहरीर में किया है उसी लड़के के साथ उक्त लड़की का रिश्ता तय हुआ था लेकिन बाद में किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में अनबन हो गई और रिश्ता टूट गया। कल देर शाम पुलिस ने तहरीर के आधार पर दफा 366 आईपीसी में एफआईआर भी दर्ज कर ली है, लेकिन इसी बीच लड़की के परिजनों को हकीकत का पता चल गया जिसके मुताबिक लड़की नामजद युवक के बजाये पड़ोस के ही एक लड़के के साथ चली गई है ।

Leave a comment