
कोंच-उरई । सरकारी स्कूलों का तो भगवान ही मालिक है इसी लिये तो ये स्कूल चल भी रहे हैं। बिलायां में एक भी बच्चा एसडीएम को मौजूद नहीं मिला लेकिन मिड डे मील मैन्यू के मुताबिक बनता हुआ मिला। एसडीएम ने इस स्थिति को लेकर आश्चर्य व्यक्त किया, साथ ही जांच के आदेश भी बीईओ को दिये हैं। स्कूलों से ज्यादातर टीचर्स गायब मिले जिनमें एकाध का ही अवकाश पंजिका में दर्ज मिला। आंगनबाड़ी और मातृ शिशु कल्याण केन्द्र का भी यही हाल मिला, एएनएम गैरहाजिर मिली और भवन में अनधिकृत रूप से गांव की महिला निवास बनाये है।
एसडीएम मोईन उल इस्लाम ने शुक्रवार को कोंच विकास खंड के ग्राम बिलायां में प्राथमिक स्कूल, पूर्व माध्यमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी के दोनों केन्द्रों, मातृ एवं शिशु कल्याण उपकेन्द्र तथा होम्योपैथिक अस्पताल का ताबड़तोड़ निरीक्षण किया जिसमें हाल बदहाल मिले। सुबह 8 बज कर 45 मिनट पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय के निरीक्षण के वक्त देखा गया कि प्रधानाध्यापिका सीमा गुप्ता आकस्मिक अवकाश पर हैं, सहायक अध्यापिकायें अर्चना गुप्ता व नीलू गुप्ता और अनुचर श्यामकरन मौजूद मिले लेकिन अनुदेशक साधना द्विवेदी और सौरभकुमार गैरहाजिर पाये गये। छात्र संख्या शून्य होने के बाबजूद मैन्यू के अनुसार मिड डे मील का बनते पाया जाना एसडीएम को भी हैरत में डाल गया, उन्होंने इस विंदु को रेखांकित करते हुये बीईओ को जांच के लिये निर्देशित किया है। प्राथमिक स्कूल में सात बच्चों के अलावा प्रधानाध्यापिका कांती निशा मौजूद मिले। इस स्कूल के एक कक्ष में अनधिकृत रूप से एक दंपत्ति रह रहा है जिसे लेकर बताया गया कि प्रधान ने उन्हें रहने के लिये दिया है। एसडीएम ने बीईओ को निर्देश दिये हैं कि तत्काल उक्त कक्ष खाली कराया जाये। होम्योपैथिक अस्पताल में डॉ. सुरेन्द्रसिंह व वार्ड व्वाय रमेशचंद्र मौजूद मिले, 11 पर्चे भी बने पाये गये लेकिन गंदगी के अस्पताल में अंबार लगे थे जिन्हें देख एसडीएम ने नाराजगी जताई। यहां भी एक महिला प्रभादेवी पत्नी रामप्रसाद अनधिकृत रूप से निवास करती मिली जिसे लेकर प्रभारी चिकित्साधिकारी को खाली कराने के निर्देश दिये गये। एसडीएम ने विस्तृत रिपोर्ट बना कर डीएम को भी अवगत कराया है।






Leave a comment