उरई । रात में घर की छत पर सो रही विवाहिता के साथ दो लोगों ने जबर्दस्ती दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के चीखने चिल्लाने पर दोनों व्यक्ति उसे धमकी देते हुये भाग गये। घटना से पूर्व इन्हीं दोनों आरोपियों ने खेत में बकरियां चरा रही उक्त महिला पर घात लगाई थी लेकिन वहां लोगों की आमदरफ्त होने के कारण वे असफल बापिस हो गये थे। मामला नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनी बुजुर्ग की है।
मिली जानकारी के मुताबिक थाना नदीगांव क्षेत्र के ग्राम सिवनी बुजुर्ग में रहने बाली एक विवाहिता का पति काम धंधे पर बाहर रहता है, वह अपने दो बच्चों के साथ घर में रह कर उनका लालन पालन करती है। उक्त महिला बीती रात घर की छत पर अपने दोनों बच्चों के साथ सो रही थी तभी गांव के दो लोगों अनुरुद्घसिंह पटेल पुत्र हरनारायण तथा हरनारायण जाटव पुत्र कलकाईं ने दबे पांव आकर उसे दबोच लिया और उसके साथ जोर जबर्दस्ती करने लगे। इस हमले से बौखलाई महिला बचाव के लिये चिल्लाने लगी तो वह दोनों उसे धमकी देते हुये भाग गये। महिला ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी सास रिश्तेदारी में माधौगढ गई हुई थी और आरोपियों ने उसे घर में अकेला जान उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला ने यह भी बताया कि कल वह दिन में जब खेतों पर बकरी चराने गई थी तब भी इन लोगों को घात लगाये देखा गया था लेकिन वहां लोगों की आमदरफ्त होने के कारण वे वहां से खिसक लिये थे। एसओ हेमंत कुमार ने बताया है कि तहरीर मिल गई है और मामले की जांच की जा रही है, एक आरोपी को हिरासत में भी लिया गया है जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है।






Leave a comment