
उरई । जनपद जालौन के रामपुरा क्षेत्र में 10 लाख की अवैध शीशम पुलिस ने पकड़ ली है । इस मामले में 2 ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं जिनमे कटी शीशम लाद कर ले जायी जा रही थी । पुलिस ने मौके से 2 मजदूर भी पकड़े हैं जिनसे पुंछताछ हो रही है ।
पचनद का इलाक़ा एक समय चारो तरफ हरा भरा होने से अलग ही छटा बिखेरता था । बीहड़ तक में शीशम , आम आदि इमारती पेड़ों की घनी कतारें दूर दूर तक दिखायीं देती थीं लेकिन कुछ दशको से लकड़ी तस्करों की ऐसी नजर यहाँ लग गई कि पूरा क्षेत्र पेड़ों की अंधाधुंध कटान के कारण वीरान नजर आने लगा है । इस बीच हर साल नए वृक्षारोपण के लिए सरकार करोड़ों रुपये का बजट इस इलाक़े में खर्च करती है लेकिन नए पेड़ भी जंगल माफ़ियों की गिद्ध निगाह की वजह से सुरक्षित नहीं रह पा रहे हैं ।
सूबे की नई सरकार की माफिया विरोधी मुहिम को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई ने रामपुरा क्षेत्र में लकड़ी माफियाओं को चिन्हित कराया था जिसके बाद से इनको रंगे हाथों पकड़ने के लिए नजर रखी जा रही थी । सोमवार को पुलिस की यह चौकसी रंग लायी जब मुखबिर से मिली पक्की सूचना के बाद पुलिस ने ऊमरी पहुँच कर बेचने के लिए ले जायी जा रही अवध शीशम से भरे 2 ट्रैक्टर पकड़ लिए । हिरासत में लिए गए मजदूरों ने लकड़ी कटवाने में ऊमरी के ही छोटे दुबे ठेकेदार का नाम लिया है । पुलिस इस सूत्र के सहारे लकड़ी माफियाओं के पूरे नेटवर्क को खंगलाने में जुट गई है ।






Leave a comment