0 एसडीएम व सीओ ने मौके पर जाकर की मामले की जांच
0 मामला ग्राम पिंडारी में शराब ठेके को लेकर होने बाले बबाल का
कोंच-उरई। पिछले कई दिनों से ग्राम पिंडारी में शराब ठेके को हटाये जाने की मांग को लेकर गांव की महिलाओं ने सड़क पर उतर कर जो बबाल काटा और ठेके में जमकर तोडफोड़ की उसकी जांच करने के बाद अधिकारियों ने बताया कि ठेका अपनी जगह दुरुस्त है और यदि उसका स्थान परिवर्तन आदि करने की जहां तक बात है तो इसके लिये जिलाधिकारी ही कुछ कर सकते हैं। हालांकि आज इस मामले की जांच करने एसडीएम और सीओ मौके पर गये थे और उन्होंने इस बात की जब जांच की कि शराब ठेका वहां कब शिफ्ट किया। उन्होंने बताया कि यह ठेका लगभग डेढ दशक से वहां है और वह अपनी जगह दुरुस्त है, ठेका हटाना या नहीं हटाना जिलाधिकारी के अधिकार क्षेत्र की बात है। पुलिस के मुताबिक महिलाओं ने शराब ठेके पर किसी प्रकार की तोडफोड़ नहीं की है लिहाजा ठेकेदार द्वारा शिकायत करने का कोई मतलब ही नहीं है।
ब्लॉक कोंच का ग्राम पिंडारी पिछले तीन चार दिन से सुर्खियों में है। मामला गांव में स्थापित शराब ठेके का है जिसे वहां हटवाने के लिये गांव की दर्जनों महिलाओं ने उग्र प्रदर्शन करते हुये तोडफोड़ कर डाली और सड़क जाम कर दी थी। हालांकि अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर मामला किसी तरह शांत करा दिया था। महिलाओं का कहना है कि गांव में ठेका होने के कारण उनके घरों के पुरुष शराब पीकर घरों में आते हैं और उनके साथ दुव्र्यवहार करते हैं तथा अपनी कमाई का एक बड़ा हिस्सा वे दारू में उड़ा डालते हैं। उनकी मांग है कि शराब ठेका वहां से अन्यत्र शिफ्ट किया जाये। डीएम नरेन्द्र शंकर पांडे के निर्देश पर बुधवार को एसडीएम कोंच मोईन उल इस्लाम और सीओ नवीन कुमार नायक गांव पिंडारी गये थे और वहां उन्होंने जब इस बात की पड़ताल की कि ठेका कब यहां स्थापित हुआ है तो जानकारी में आया कि यह ठेका तकरीबन डेढ़ दशक से यहां है। वहां से लौट कर अधिकारियों ने बताया कि ठेका नियमत वैध है और उसे वहां से हटाया नहीं जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि ठेका आबादी के बाहर है, फिर भी इसे हटाने की महिलाओं की मांग यदि है भी तो उसका निराकरण जिलाधिकारी स्तर से ही संभव है। तोडफोड़ को लेकर पूछने पर उन्होंने बताया कि ऐसी किसी भी तरह की घटना नहीं है और इसे बढा चढा कर प्रस्तुत किया जा रहा है। एसओ एट चंद्रशेखर दुवे के मुताबिक भी तोडफोड़ या ठेका लूटने जैसा कुछ भी नहीं हुआ लिहाजा तहरीर आने का कोई प्रश्न ही नहीं है।

Leave a comment