0 पहले जनता ने धुना, फिर पुलिस के सुपुर्द किया
कोंच-उरई। बुधवार की दोपहर पंजाब नेशनल बैंक की स्थानीय शाखा में पैसा निकालने गये एक व्यक्ति की जेब साफ करने में चक्कर में जेबकतरा जनता और बैंक प्रशासन द्वारा पकड़ लिया गया। पब्लिक ने पहले तो उसकी जमकर धुनाई की फिर पुलिस बुला कर उसके सुपुर्द कर दिया। पकड़ा गया जेबकतरा शातिर किस्म का जेबतराश है और कई बार वह पुलिस की पकड़ में आने के बाद छूटता रहा है लेकिन आज सीओ ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद उसको संबंधित धाराओं में जेल भेजने के निर्देश कोतवाली पुलिस को दिये हैं।
कोंच में आये दिन हो रही टप्पेबाजी की घटनाओं ने जहां कोतवाली पुलिस को हलकान कर रखा है वहीं बैंकों के प्रशासन भी इस स्थिति को लेकर काफी परेशान हैं क्योंकि उनकी बैंक शाखाओं या उनके बाहर होने बाली इस तरह की घटनाओं से उनकी साख भी प्रभावित हो रही है। इस स्थिति के चलते शाखा प्रबंधकों की नजरें ज्यादातर वक्त सीसीटीवी कैमरों पर जमी रहती हैं। बुधवार की दोपहर पंजाब नेशनल बैंक की रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित शाखा में शाखा प्रबंधक अपने केबिन में बैठे बाहर काउंटर्स पर होने बाली गतिविधियों को वॉच कर रहे थे। इसी बीच उनकी नजरें लाल टीशर्ट पहने एक संदिग्ध पर उनकी नजर जम गई। थोड़ी ही देर में उस लाल टीशर्ट पहने युवक ने एक ग्राहक की जेब में हाथ डाल दिया। उसे जेब काटते देख मैनेजर केबिन से बाहर निकले और पुलिस को सूचना दे दी। इसी बीच कुछ ग्राहकों ने उस जेबकतरे पर हाथ निकाल दिये। पकड़े गये युवक का नाम मनुकी पुत्र लल्लू मांड़े बाले निवासी भगतसिंह नगर बताया गया है। यह भी जानकारी मिली कि मनुकी शातिर जेबकतरा है और कई बार पुलिस गिरफ्त में भी आ चुका है लेकिन नाटकबाजी करके छूटता रहा है। बहरहाल, सीओ नवीन कुमार नायक और सागर चैकी इंचार्ज घनश्याम सिंह ने बैंक शाखा जाकर सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। सीओ ने संबंधित धाराओं में उसके खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं।

Leave a comment