कोंच-उरई । शनिवार को विधायक माधौगढ मूलचंद्र निरंजन ने अपने पार्टी सहयोगियों के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया जिसमें उन्हें तमाम खामियां दिखीं। मिली कमियों को लेकर उन्होंने अस्पताल प्रशासन के पेंच कसे और व्यवस्थायें दुरुस्त रखने की हिदायत दी। निरीक्षण में उन्हें कुछ दवायें भी नहीं उपलब्ध होने की शिकायत मिली, इसके अलावा एक्स-रे मशीन उपलब्ध होने के बाबजूद मरीजों को बाहर से एक्स-रे कराने की मजबूरी को उन्होंने काफी गंभीर माना।
माधौगढ-कोंच विधायक मूलचंद्र निरंजन ने शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं की फौज के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में धावा बोल दिया और वहां बारीकी से निरीक्षण करने के साथ मरीजों और उनके तीमारदारों से भी बात की। उन्हें बाहर की दवायें लिखे जाने की शिकायत तो नहीं मिली अलबत्ता तमाम जरूरी दवाओं का वहां टोटा जरूर दिखा। मसलन, बच्चों को दिये जाने बाले सिरप या खांसी के सिरप जैसी दवाओं का वहां अभाव दिखा। एक्स-रे रूम में जब उन्होंने झांका तो वहां मशीन तो मौजूद मिली लेकिन बताया गया कि वहां एक्स-रे किया नहीं जाता है, मरीजों को बाहर से एक्स-रे कराने की सलाह दी जाती है। इसकी बजह टेक्नीशियन का किसी मामले में जेल में होना बताई गया है। विधायक ने बाद में मीडिया के सवालों के जबाब में कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और उन्हें यहां जो भी खामियां नजर आईं हैं उन्हें लेकर उन्होंने सीएमओ से भी बात की है। स्टाफ की कमी को लेकर पूछने पर विधायक ने माना है कि अस्पताल डॉक्टरों और अन्य स्टाफ की कमी से जूझ रहा है और यह स्थिति लगभग हर जगह है। कोंच सीएचसी भी उस कमी से जूझ रहा है जिसे लेकर वह पहले ही स्वास्थ्य मंत्री सिद्घार्थनाथ सिंह को पत्र लिख कर अवगत भी करा चुके हैं।
इस दौरान नगर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, नगर मंत्री अनिल अग्रवाल, सुनील शर्मा, नरेश वर्मा, अमित उपाध्याय, हबीब कुरैशी, ऋषि अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, राहुल बाबू आदि मौजूद रहे।

Leave a comment