कोंच-उरई । बीती देर रात्रि कस्बे के मोहल्ला सुभाषनगर में एक विवाहिता ने फांसी पर लटक कर आत्म हत्या कर ली। घटना के वक्त विवाहिता का पति झांसी में अपनी नौकरी पर था और घर में केवल उसकी विकलांग सास ही मौजूद थी। सूचना पर पुलिस पहुंच गई थी और जब उसने महिला को फंदे पर लटके देखा तो उसके पति व मायके बालों को सूचना दी गई। बताया गया है कि शादी को छह साल गुजर जाने के बाद भी उसके कोई संतान नहीं थी जिसके चलते वह अक्सर अवसाद में रहती थी और इसी बजह से वह अपने कमरे में लगे पंखे से साड़ी का फंदा बना कर झूल गई।
मिली जानकारी के मुताबिक कस्बे के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी राजीव पाठक झांसी में रह कर किसी दवा कंपनी में बतौर एमआर काम करता था और कोंच में उसकी विकलांग मां तथा पत्नी भारती (25) ही रहते थे। बीती रात में किसी वक्त उक्त भारती ने अपनी साड़ी का फंदा बना कर पंखे से लटक गई जिससे उसकी मौत हो गई। झांसी में रह रहे उसके पति को घटना की सूचना पुलिस ने दी और तहसीलदार भूपाल सिंह की मौजूदगी में शव का पंचायतनामा भर कर पोस्ट मॉर्टम के लिये भिजवा दिया है। घटना को लेकर महिला के पति राजीव के मुताबिक वह गुजरे मंगलवार को ही झांसी गया था और रोज ही पत्नी तथा मां से फोन पर बात करता रहता था। गुजरी रात भी उसके कई बार फोन करने के बाबजूद भी जब पत्नी का फोन नहीं उठा तो उसने अपनी मां को फोन लगाया लेकिन हिलने डुलने में भी असमर्थ उसकी मां भी कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं थी लिहाजा पति ने मोहल्ले में पड़ोसियों को फोन लगा कर घर के हाल चाल जानने की कोशिश की। यहां से उसे बताया गया कि भारती ने फांसी पर लटक कर आत्महत्या कर ली है। पुलिस को भी सूचना दे दी गई थी जिस पर सीओ नवीनकुमार नायक, कोतवाल देवेन्द्र द्विवेदी, एसएसआई अजयकुमार सिंह, एसआई जयवीर सिंह आदि मौके पर पहुंच गये थे। मृतका के मायके ग्राम पिपरौआ तहसील भांडेर जिला दतिया सूचना भेजी गई। मृतका के पिता मनीराम पुत्र गनेशीलाल ने बताया कि उसकी बेटी को वे सारे सुख थे जो एक महिला को ससुराल में मिलने चाहिये लेकिन शादी के छह साल गुजर जाने के बाद भी उसको कोई संतान नहीं होना उसके तनावग्रस्त रहने का कारण बन गया था, इस बात का जिक्र वह अक्सर उससे फोन पर करती रहती थी। मृतका के इस तरह से आत्महत्या का रास्ता चुनने पर मोहल्ले में भी लोग काफी दुखी नजर आये।

Leave a comment