उरई । कुठौंद थाना क्षेत्र में जमलापुर में 2 दिन के अंदर  दूसरी बड़ी चोरी से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़ा हो गया है ।

जमलापुर में मंगलवार को  सेवानिवृत शिक्षक राजन शुक्ला के घर हुई लाखों की चोरी की छानबीन अभी चल ही रही रही कि गुरुवार को योगेश चंद्र द्विवेदी के घर में छत के रास्ते से दाखिल हुए चोरों ने कमरे का ताला तोड़ कर अलमारी में रखे सोने के जेवर और नकदी  पर हाथ साफ़ कर दिये । सुबह जब घर के लोग सो कर जागे तो चोरी का पता चलने पर भारी नुकसान की वजह से गहरे सदमे में पहुँच गए ।

राजन शुक्ला के घर हुई चोरी के मामले में जमलापुर में पुलिस छानबीन की युद्धस्तरीय सरगर्मी को देखते हुए अंदाजा नहीं किया जा सकता था कि चोर हाल फिलहाल फिर इस गाँव की ओर रुख कर सकते हैं । लेकिन चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देने के अंदाज में इस अंदाजे को धता बताते एक और वारदात को अंजाम दे कर पुलिस को शर्मनाक स्थिति में धकेल दिया है । खुद पुलिस अराजक तत्वों के इस दुस्साहस से इतनी हक्का बक्का है कि उसके सामने किंकर्तव्यविमूढ़ता जैसी स्थिति आ गई है ।

Leave a comment