कोंच-उरई । कोतवाली पुलिस ने बीती शाम गश्त के दौरान घुसिया पुल के पास से बाइक चोर गिरोह के एक सदस्य को पकडऩे में सफलता प्राप्त की है। उसका साथी जो दूसरी बाइक चला रहा था, बाइक छोड़ कर मौके से पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने दोनों बाइकें भी बरामद कर ली हैं। पकड़ा गया बाइक चोर उसी गैंग का बताया जा रहा है जिसके तीन सदस्य पांच बाइकों सहित कोतवाली पुलिस द्वारा कुछ दिन पूर्व पकड़ कर जेल भेजे गये थे।
बीती शाम कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्रकुमार द्विवेदी, एसएसआई अजयकुमार सिंह, खेड़ा चौकी इंचार्ज जयवीर सिंह, सुरही चौकी इंचार्ज संजीव यादव, अरविंद आदि सघन गश्त पर घुसिया की ओर निकले थे। इसी बीच नहर पुलिया के पास पुलिस को दो बाइकें आती दिखीं। बाइक सवार भी पुलिस देख कर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा करके एक बाइक सवार को दबोच लिया जबकि दूसरा बाइक वहीं छोड़ कर खेतों के रास्ते अंधेरे में कहीं गुम हो गया। पुलिस ने पकड़े गये व्यक्ति से पूछताछ की तो दोनों बाइक चोर गिरोह के सदस्य निकले और दोनों बरामद बाइकें काले रंग की हीरो हॉण्डा नं. पीबी 23 ई 9267 तथा काले रंग की प्लेटिना नं. यूपी 93 पी 7216 भी चोरी की निकलीं। पकड़े गये व्यक्ति का नाम विनय गुर्जर पुत्र प्रतिपाल सिंह निवासी बजीता थाना शाहजहांपुर जिला झांसी का बताया गया है, जबकि भागे हुये उसके साथी का नाम बंटू उर्फ ओमजी पुत्र कल्लू उर्फ कल्याण सिंह निवासी भगरोली थाना पंडोखर बताया गया है। कोतवाल ने बताया है कि विनय एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ कटेरा थाने में हत्या और भांडेर थाने में लूट व वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं। फरार कल्लू की तलाश की जा रही है। पुलिस ने भादंवि की विभिन्न धाराओं में विनय को जेल भेज दिया है।







Leave a comment