उरई । जालौन औरैया रोड पर गुरुवार को हुए सनसनीखेज गैंगरेप मामले में एक महत्वपूर्ण सुराग पुलिस के हाथ लग गया जिससे छानबीन में ठोस प्रगति की उम्मीद लगाई जा रही है ।

सूत्रों से पता चला है कि एक संदिग्ध का मोबाइल सेट पुलिस के हत्थे चढ़ गया है जिसमें कई नंबर फ़ीड हैं । उन नंबरों के सहारे पुलिस के हाथ अपराधियों के गिरेबान तक पहुँच सकते हैं । बताया जाता है कि छानबीन में पुलिस ने  एक संदिग्ध नंबर को चिन्हित किया था जिसको सर्विलान्स पर लगा दिया गया था ।

पुलिस उस पर एक खास समय जिन नंबरों पर बातचीत हुई थी उनकी निगरानी कर रही थी । संयोग से इनमे से एक नंबर जिसका था उसका सेट कुठौंद थाने के बहादुरपुर गाँव में नहर की पुलिया पर गिर गया । यह मोबाइल पतराही गाँव के स्कूल जाने वाले 2 लड़कों के हाथ लग गया । उन्होने मोबाइल से सिम निकाल कर तोड़ कर फेंक दी और अपनी सिम डाल कर उसका इस्तेमाल करने लगे । उन्हे नहीं मालूम था कि मोबाइल निगरानी में लगा है । जब पुलिस पतराही पहुँची तो उन लड़कों के पैरों तले की जमीन खिसक गई । बाद में गाँव वालों से पुलिस को हकीकत पता चली तो लड़कों को छोड़ दिया गया और मोबाइल पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया । मोबाइल सेट में फ़ीड संदिग्ध के नंबरों से पुलिस को कारगर क्लू मिलने की राह नजर आ रही है ।

Leave a comment