उरई। दहेज हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी से माधौगढ़ सीओ के कतराने के कारण सोमवार को पुलिस कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों को महिलाओं के जोरदार हंगामें से दो-चार होना पड़ा। खफा एसपी ने संयोग से जिला मुख्यालय पर आये सीओ माधौगढ़ की जमकर लानत-मलामत की।
नया पटेल नगर निवासी ऊषा देवी के साथ पुलिस कार्यालय पहुंचीं महिलाओं के तेवर आज बेहद सख्त थे। ऊषा देवी की पुत्री रूपा का विवाह सन् 2010 में रामहेतपुरा थाना माधौगढ़ निवासी हरीशंकर के पुत्र जितेंद्र से हुआ था। गत् 1 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में ससुराल में रूपा की मौत हो गई। ऊषा देवी ने इस मामले में रूपा के ससुर हरीशंकर, सास शीतला देवी, पति जितेंद्र, देवर पंकज व देवेंद्र आदि के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। महिलाएं इस बात से आक्रोशित थी कि सीओ माधौगढ़ का झुकाव प्रलोभन की वजह से आरोपी पक्ष की ओर हो गया है। जिसके चलते वे कुछ गिरफ्तारियों की औपचारिकता पूरी कर अन्य आरोपियों को बचा रहे हैं। महिलाएं पहले डीएम के पास पहुंची इसके बाद पुलिस कार्यालय में आ धमकीं। पहले उनकी एडीशनल एसपी के यहां झड़प हुई। हालांकि अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र शाक्य ने इस बीच उनको सांत्वना दी कि सीओ माधौगढ़ यहीं मौजूद हैं। उनकों आप लोगों के सामने बुलाकर टाइट करता हूं। इसी बीच एसपी स्वप्निल ममगाई भी अपने कार्यालय आ गये। उन्होंने महिलाओं की बात सुनी तो सीओ को अपने कक्ष में बुलाकर एकांत में डांटते हुए उनकी जमकर क्लास ली।

Leave a comment