कोंच-उरई । उचित दर विक्रेता संघ ने मंगलवार को गोदाम से मिलने बाली उठान में घटतौली का आरोप लगाते हुये कहा कि राशन वितरण का काम नुकसान में जा रहा है लिहाजा उन्हें पच्चीस हजार रुपये प्रति माह मानदेय के रूप में दिया जाये। इस आशय का ज्ञापन उन्होंने एसडीएम के मार्फत मुख्यमंत्री को भेजा है।
एसडीएम मोईन उल इस्लाम को उचित दर विक्रेता संघ के लोगों ने सीएम को संबोधित ज्ञापन देकर कहा है कि गोदाम से होने बाली खाद्यान्न की उठान में उन्हें जहां घटतौली का शिकार बनाया जा रहा है, वहीं मिलने बाले भाड़े में भी उन्हें लंबी चपत लग रही है। कोटेदारों ने कहा है कि गेहूं और चावल में परिवहन व्यय 30 रुपये प्रति कुंतल आता है, सरकार द्वारा मात्र 70 रुपये कमीशन एवं 10 रुपये भाड़ा दिया जाता है, इस प्रकार कुल 80 रुपये उन्हें मिलता है जबकि घटतौली एवं पल्लेदारी मिला कर उनका खर्च 118 रुपये होता है। ऐसी स्थिति में उन्हें होम डिलीवरी दिलाई जाये। कोटेदारों ने कहा है कि दुकान संचालन के लिये न तो किराया मिलता है और न ही मेंटेनेंस जबकि दुकान चलाने में कम से कम 5 हजार रुपये प्रतिमाह खर्च आता है। उन्होंने कहा है कि राशन वितरण का कार्य वे लोग घाटे में कर रहे हैं लिहाजा उन्हें प्रति माह 25 हजार रुपये बतौर मानदेय प्रदान करने के लिये सीएम महोदय गंभीरतापूर्वक विचार करें ताकि उनकी भी गृहस्थी चल सके। इस दौरान सतीश छावला, राममोहन अग्रवाल, महेन्द्रकुमार राठौर, अतुल चतुर्वेदी, करनसिंह यादव, शिवानी मिश्रा, गयाप्रसाद राठौर, कृष्णकुमार, मानसिंह चौहान, कृष्णकुमार गुप्ता, ब्रजकिशोर शुक्ला, समीक्षादेवी, शिवाकांत आदि मौजूद रहे।

Leave a comment