कोंच-उरई । कल सुबह घर से लिवा ले गये एक अधेड़ की मौत के मामले में मृतक के बेटे की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दो लोगों के खिलाफ दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इस संदिग्ध मौत के पीछे पैसे के लेनदेन की बात सामने आ रही है।
प्रकरण के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पडऱी निवासी अंकितकुमार निरंजन ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि सुबह लगभग 9 बजे वह तथा उसके पिता गिरिराज किशोर (50) अपने घर के दरबाजे पर बैठे थे। इसी दौरान वहां योगेन्द्रसिंह निवासी ग्राम छानी तथा वासुदेव पुत्र भगवान सिंह निवासी ग्राम पडऱी बाइक से वहां आये और उसके पिता को जबरन अपनी बाइक पर बिठा कर ले गये थे। इसके बाद उसे जानकारी मिली कि उसके पिता नहर किनारे अचेत अवस्था में पड़े हैं। जब वह गांव के कुछ लोगों के साथ वहां पहुंचे तो उसके पिता की हालत चिंताजनक थी लिहाजा उन्हें कोंच के एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के लिये ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने हालत गंभीर होने के कारण झांसी के लिये रेफर कर दिया। झांसी ले जाते वक्त रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अंकित ने आरोप लगाया है कि उसके पिता की हत्या उन दोनों लोगों ने मिल कर कर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा गया है। बहरहाल, होने बाली चर्चाओं में यह बात निकल कर सामने आ रही है कि दोनों पक्षों के बीच लाखों के लेनदेन का मामला था और पैसे की बसूली को लेकर मृतक को ले जाया गया था। कोतवाल देवेन्द्र द्विवेदी के मुताबिक मौत का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।

Leave a comment