उरई । पढ़ लिख कर अफसर बनने का सपना देखने वाले निर्धन परिवार के बच्चों की निराशा दूर होने लगी है । उनके सपनों को साकार करने के लिए क्षीर सागर परिवार आगे आया है । सोमवार को जी एन टी स्कूल परिसर में लगाये गए कैंप में बच्चों का दाखिला हुआ तो वह खुशी से उछल पड़े  । बच्चों के चेहरे की खिलखिलाहट देख कर अभिभावकों ने भी चैन की साँस ली और क्षीर सागर का आभार जताया ।

गौरतलब है कि क्षीर सागर परिवार ने बीते दिनों अति निर्धन परिवार के 100 बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने का संकल्प लिया था । संकल्प को पूरा करने के लिए शुरू हुए पंजीकरण अभियान में 150 ऐसे बच्चों के  नाम दर्ज हुए जो वास्तव में पढ़ लिख कर अफसर बनाने का सपना देखते हैं । गरीबी उनके सपने में बाधा बनी हुई थी । जाँच पड़ताल के बाद बच्चों का दाखिला किया गया ।  जीएनटी पब्लिक स्कूल परिसर में बचपन चहकता नजर आया । कोई अपने पापा की उंगली पकड़ कर एडमीशन लेने आया तो कोई माँ के साथ । बच्चे जितने खुश थे उससे कहीं अधिक उनके अभिभावकों में खुशी देखी गई । इस दौरान कई अभिभावकों में खुशी आँखों से छलक पड़ी । कहा भी कि पेट भरने के लाले थे ऐसे में अपने बच्चों को पढ़ा पाना उनके लिए नामुमकिन था क्षीरसागर  परिवार ने मदद के लिए अपना हाथ बढ़ा कर न केवल उनके नौनिहालों का भविष्य  संवार दिया है बल्कि  शिक्षा की जागरूकता को भी आगे बढ़ाया है ।

 

 

13 मई से शुरू होगी कार्यशाला

क्षीरसागर परिवार के पूर्व ब्लाक प्रमुख सुदामा दीक्षित और जिला पंचायत सदस्य नम्रता तिवारी दीक्षित ने जो 150 बच्चे गोद लिए हैं उनके बौद्धिक  विकास के लिए एक 60 दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया है जिसका शुभारंभ 13 मई से होगा । कार्यशाला में बच्चों को प्राथमिक स्तर के ज्ञान के अलावा अंग्रेजी में बातचीत करना सिखाया जायेगा ताकि जुलाई में जब वह अपनी क्लास में पहुँचे तो वहाँ पहले से पढ़ने वाले बच्चों से वे अपने को किसी तरह कमतर महसूस न करें । कार्यशाला में योग्य और अनुभवी शिक्षक बच्चों की नींव को मजबूत करेंगे ।

 

Leave a comment