
उरई : लगातार मिल रही शिकायत पर बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में औषधि निरीक्षक ने अपनी टीम के साथ नगर के तीन मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी कार्रवाई की। जिसमें एक मेडिकल स्टोर में प्रतिबंधित दवाएं मिली। वहीं दो मेडिकल स्टोर छापे की खबर सुन कर खुले ही नहीं है। जिसके चलते टीम ने इन तीनों मेडिकल स्टोरों को सीज कर दिया। इसके साथ ही उन्हें नोटिस जारी किया है।
जिले में काफी समय से प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री होने की सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को मिल रही थी। इस क्रम में बुधवार सुबह सिटी मजिस्ट्रेट अनिल मिश्रा ने औषधि निरीक्षक उमेश कुमार भारतीय के साथ शहर के राजमार्ग स्थित त्रिपाठी मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। यहां पर दुकान के अंदर नाइट्रा जेम, इब्रोजैसिक इंजेक्शन, अनाल जैसिक व नाइट्रेन जैसी प्रतिबंधित दवाएं मिली। टीम ने इन दवाओं का नमूना लेने के साथ ही दुकान पर बैठे युवक आशु त्रिपाठी को हिरासत में ले लिया। इसके साथ ही दुकान को सीज कर दिया गया। इसके बाद टीम ने गोपालगंज बाजार स्थित राजेश मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की लेकिन छापेमारी की भनक लगते ही दुकानदार अपनी दुकान बंद करके निकल भागा। इसके बाद टीम ने राठ रोड स्थित परिहार मेडिकल स्टोर में भी छापा मारा। यहां भी मौके पर दुकान बंद मिली। इस पर तीनों दुकानों को टीम ने सीज कर दिया। औषधि निरीक्षक ने बताया कि तीनों दुकानों को औषधि अधिनियम की धारा 22 के तहत नोटिस जारी करके प्रतिबंधित दवा की खरीद संबंधी अभिलेख तलब किए गए है। वहीं बंद मिले मेडिकल स्टोर संचालकों को पहले दुकान की जांच कराने का निर्देश दिया गया है। संबंधित दुकानों के अभिलेखों की जांच करने के बाद लाइसेंस निरस्त करने व मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर पकड़े गए युवक को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया है।






Leave a comment