उरई । भांजी से छेड़खानी करने वालों को लताड़ने पर मामा की रात में उसके दरवाजे पर गोली मार कर हत्या कर दी गई ।

कदौरा थाना क्षेत्र के चतेला गाँव में खेमचंद्र ( 32 वर्ष ) को मंगलवार की रात लगभग 12 बजे घर के दरवाजे पर सोते समय मोटर साइकिल से आए तीन लोगों ने तमंचा दाग कर गोली मार दी । उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया । मृतक के परिजनों ने हमलावरों में से 2 को पहचान लिया है जिनमें मुख्य आरोपी अरविंद उर्फ बउआ ने खेमचंद्र की भांजी को तीन महीने पहले अश्लील हरकत करते हुए परेशान किया था । भांजी के बताने पर खेमचंद्र ने थाने में शिकायत की लेकिन बिरादरी वालों ने पंचायत करा दी जिसमें बउआ वायदा कर गया कि दोबारा कोई गलत हरकत नहीं करेगा । तीन दिन पहले जब उसने फिर भांजी को छेड़ा तो तैश में खेम चंद्र बउआ के घर पहुँच गया और 

उसने बउआ को जम कर खरीखोटी सुनाईं । बउआ ने इसी का बदला गोली मार कर लिया । रिपोर्ट में बउआ के अलावा उसके एक साथी वरदानी को नामजद कराया गया है जबकि तीसरा हमलावर अज्ञात है ।

अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र शाक्य ने सी ओ कालपी सुबोध गौतम के साथ मौका मुआयना किया । 

 

खबर यह भी है कि नामजद आरोपियों में से एक वरदानी को पुलिस हिरासत में ले चुकी है लेकिन जानबूझकर औपचारिक गिरफ़्तारी नहीं दर्शाई जा रही है ।

Leave a comment