0 मतदाता सूचियों की दुरुस्ती के लिये बूथों पर बैठे बीएलओज चेक किये एडीएम ने
कोंच-उरई। आगामी जून या जुलाई माह तक निकाय चुनाव निपटने की संभावनाओं के बीच मतदाता सूचियों का संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य शुरू हो गया है। इस काम में लगे बीएलओ बूथों पर बैठ कर दावे और आपत्तियां लेंगे। 15 मई तक ही इन दावों और आपत्तियों को ग्रहण किया जाना है जिसे लेकर सभी बीएलओज को अपने अपने बूथों पर बैठने की हिदायत दी गई है। बुधवार को एडीएम आरके सिंह ने कोंच और नदीगांव निकाय क्षेत्रों में बूथों का जायजा लिया जिसमें कई बूथों पर गैरहाजिर मिले बीएलओज के एक दिन के वेतन रोकने के निर्देश उन्होंने दिये हैं। हालांकि एडीएम ने यह भी जोड़ा कि अभी शुरुआत में हल्की फुल्की कार्यवाही किये जाने को हल्के में बिल्कुल न लें बीएलओ, अगर निर्वाचन के कार्य में हीला हवाली की गई तो कड़ी दंडात्मक कार्यवाही के दरबाजे पूरी तरह खुले हैं।
एडीएम आरके सिंह, एसडीएम मोईन उल इस्लाम, तहसीलदार भूपाल सिंह ने आज निकाय क्षेत्र के बूथों पर जाकर बीएलओज द्वारा की गई प्रगति की समीक्षा जब की तो परिणाम उत्साहजनक बिल्कुल भी नहीं मिले। अधिकारियों ने माना कि प्रचार-प्रसार की कमी के कारण लोग बूथों तक नहीं पहुंच रहे हैं और मतदाता सूचियों का दुरुस्तीकरण अपेक्षित गति से परवान नहीं चढ पा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि नगर पालिका से कह कर पगर में अनाउंसमेंट कराया जायेगा ताकि लोगों को वोट बढाने, घटाने और संशोधन के प्रति जागरूक किया जा सके। अधिकारियों ने कोंच में अमरचंद्र महेश्वरी, एसआरपी, कमला नेहरू, प्राथमिक विद्यालय चंदकुआ और प्राथमिक विद्यालय इंदिरा का निरीक्षण किया जहां कई बीएलओ नदारत मिले जिनका एक दिन का वेतन काटने की सिफारिश एडीएम ने की है।

Leave a comment