कोंच-उरई। बुधवार की सुबह कोंच रेलवे स्टेशन से लगभग दो किमी दूर नहर पुल के पास एक अधेड़ ट्रेन की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया लेकिन अधेड़ को बचाया नहीं जा सका। मृतक रमपुरा मध्यप्रदेश का बताया जा रहा है, वह यहां ग्राम घुसिया में अपनी बहन के यहां आया था।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह कोंच रेलवे स्टेशन से कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि नहर पुल से आगे किसी व्यक्ति ने एट से कोंच आ रही ट्रेन के आगे छलांग लगा दी है। एसएसआई अजयकुमार सिंह, इलाकाई सुरही चैकी इंचार्ज संजीव यादव, सागर चैकी प्रभारी घनश्याम सिंह के अलावा यूपी 100 की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने देखा कि वहां एक घायल पड़ा हुआ है। पूछताछ में जानकारी मिली कि घायल का नाम रमेशचंद्र यादव पुत्र जगमोहन निवासी रमपुरा मध्यप्रदेश है और दो दिन पहले ग्राम घुसिया में अपनी बहन किशोरीदेवी के यहां आया था। वह कल से ही शराब के नशे में धुत था और टहलता टहलता रेल पटरी के किनारे पहुंच गया। सुबह जब वहां से ट्रेन गुजर रही थी तो बताते हैं कि रमेश ने ट्रेन में घुसने का प्रयास किया और घायल हो गया। सुरही चैकी इंचार्ज दरोगा संजीव यादव ने जांबाजी का परिचय देते हुये घायल पड़े अधेड़ को हाथों में उठाया और लगभग आधा किमी दूर रोड तक लाकर आपे में बिठाया। अस्पताल पहुंचते पहुंचते अधेड़ ने दम तोड़ दिया।






Leave a comment