कोंच-उरई। गल्ला मंडी में आयोजित राठौर समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन के दौरान एक व्यक्ति के साथ पच्चीस हजार की टप्पेबाजी हो गई। इसे लेकर आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया और देखते ही देखते वहां जूतम पैजार शुरू हो गई और कईयों को जमकर लात घूंसे पड़े।
मिली जानकारी के मुताबिक सामूहिक विवाह सम्मेलन के दौरान जोड़ा नंबर 14 के समीप मानसिंह पुत्र तेजसिंह निवासी ग्राम छौना मानपुरा बैठे थे। उनके हाथ में व्योहार के पैसों से भरा बैग था। आरोप है कि किसी ने उनके हाथ में डंडा मारा और बैग छीन ले गया। बैग छिन जाने पर उसने हाय तौबा करनी शुरू कर दी और आरोपों प्रत्यारोपों का दौर चल निकला। महिलायें भी इस वाक्युद्ध में कूद पड़ी और इसी बीच हाथापाई शुरू हो गई जो बाद में जूतम पैजार की नौबत तक जा पहुंची। सूचना पर यूपी 100 की भी गाड़ी पहुंच गई थी। फिलहाल, मामले की तहरीर नहीं दी गई है लेकिन मानसिंह की अगर मानें तो बैग में बीस से पच्चीस हजार के बीच रुपये थे।






Leave a comment