उरई । सेना की भर्ती के लिए मैनपुरी गया युवक लापता हो गया । उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिल रहा है । दस्यु प्रभावित थाना क्षेत्र का मामला होने से इसे ले कर इलाक़े में सनसनी पनप रही है ।

जनपद जालौन के कुठौंद थाना क्षेत्र के रनधीरपुर का  निवासी शिक्षक  दिनेश कुमार द्विवेदी का पुत्र अजेय शिवम द्विवेदी गत 8 मई को शाम 4 बजे सेना की भर्ती में शामिल होने के लिए मैनपुरी रवाना हुआ था । 9 मई को जालौन के अभ्यर्थियों का टेस्ट था । क्षेत्र और गाँव के दूसरे लड़के इसके बाद घर लौट आए लेकिन अजेय शिवम वापस नहीं आया  , न ही अन्य लड़के उसके बारे में जानकारी दे पाये । मामला तब और संदेहास्पद हो गया जब पिता ने उसके मोबाइल पर काल की तो उसका नंबर बंद मिला  । कुठौंद थाना क्षेत्र एक समय फिरौती के लिए अपहरण करने वाले डकैतों की धमाचौकड़ी के बतौर  पूरी यूपी में बदनाम रहा है । दस्यु समस्या समाप्त भले हो गयी हो लेकिन जब –जब पुलिस ढीली पड़ती है अपहरण की वारदातों में अभी भी छुटभैये सक्रिय हो जाते हैं । जमालापुर की बडी चोरी अभी तक न खोल पाने जैसी नाकामियों से पुलिस का दबदबा इलाक़े में कमजोर माना जाने लगा है । इस कारण युवक की रहस्यमय ढंग से गुमशुदगी के इस मामले को ले कर संगीन अंदेशे जाहिर किए जा रहे हैं ।

Leave a comment