उरई । स्कूली मैजिक पलट कर खंदक में गिर गयी । इसमें बड़ा हादसा हो सकता था लेकिन शुक्र है कि बच्चे काफी हद तक बच गए । तीन बच्चों को चोट लगी लेकिन उनकी भी हालत कुल मिला कर ठीक है ।
जालौन नगर में कन्हैयालाल मेमोरियल पब्लिक स्कूल की मैजिक गाड़ी गुरुवार को सुबह छानी गाँव से बच्चों को ले कर वापस आते समय ड्रायवर का संतुलन बिगड़ जाने के कारण पलट कर सड़क किनारे खंदक में जा गिरी । चश्मदीदों के मुताबिक गाड़ी की रफ़्तार तेज होने के चलते हादसा हुआ हालांकि गाड़ी को पलटते देख ड्राइवर ने काफी हद तक स्पीड कम कर ली थी । पलटने के बाद गाड़ी सड़क किनारे खंदक में चली गयी ।
कन्हैयालाल पब्लिक स्कूल जालौन नगर का नामी गिरामी स्कूल है जिसकी वजह से इसमें प्रतिष्ठित परिवारों के छात्र पढ़ते हैं । इसके चलते यहाँ की गाड़ी पलटने की खबर ने कुछ देर के लिए जालौन में माहौल गरमा दिया । सम्मानित परिवारों में पैदा हुई बदहवासी की हालत के कारण खलबली मची रही । बाद में बच्चों के बच जाने का पता चलने पर लोगों ने राहत की साँस ली । मैजिक में आधा दर्जन छात्र सवार थे जिनमें तीन को थोड़ी चोटें आयीं हैं । उन्हे प्रारभिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी ।









Leave a comment