
उरई। जालौन जनपद पिछले एक माह से आपराधिक घटनाओं की बाढ़ से थर्रा रहा
है। इस कड़ी में गुरुवार को रामपुरा थाना क्षेत्र में एक क्षेत्र पंचायत सदस्य की चाकुओं से गोद कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या की वजह मालूम नहीं हो सकी है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद रिपोर्ट का इंतजार आगे की छानबीन के लिए कर रही है। दूसरी ओर जन चर्चाओं में शक की सुई मृतक के ससुराल वालों की ओर है।
आज रामपुरा के क्षेत्र पंचायत सदस्य छौना मानपुरा निवासी अमर सिंह का शव लिड़ऊपुर और लिटावली के बीच नहर में पड़ा मिला। जबकि उनकी राजस्थान के नंबर की मोटर साइकिल बहराईं पुल पर खड़ी थी। मोटर साईकिल में चाभी भी लगी थी। 55 वर्षीय अमर सिंह को कई जगह चाकू घोपें गये थे। क्षेत्र पंचायत सदस्य की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। थानाध्यक्ष मिथलेश कटियार ने मौके पर आकर लोगों से जानकारी की और शव को सील बंद कराकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पता यह चला है कि अमर सिंह की नावर गांव में ससुराल है। ससुराल में शादी का कार्यक्रम होने की वजह से उनकी पत्नी व लड़के नावर में थे। गुरुवार को वे उन्हें वापस लेने के लिए नावर पहुंचे। अमर सिंह ने पत्नी को अपने बेटे के साथ वापस भेज दिया जबकि खुद ससुराल में ही दावत के लिए रुक गये। ससुराल में उनकी खातिरदारी में शराब भी पी गई। लोगों ने बताया कि नशे में अमर सिंह और उनके सालों में गाली-गलौज से लेकर मारपीट तक हुई। रात साढ़े सात बजे तक वे नावर में ही मौजूद थे लेकिन लगभग 9 बजे जब उनके लड़के ने मामा को फोन किया तो मामा ने अटपटा जबाब दिया। उनका कहना था कि उन्हें नही मालूम कि वे कहां चले गये अभी दिखवाते हैं। सुबह अमर सिंह के घर उनके ससुराल वालों का ही फोन यह बताने के लिए पहुंचा कि उनकी मोटर साइकिल बहराईं पुल पर खड़ी है जबकि कुछ दूर नहर में उनकी डैड बाॅडी पड़ी है। उनकी मौत कैसे हुई और ससुराल से वे नहर पुल पर कैसे पहुंचे इन सब सवालों पर अभी पर्दा पड़ा है। पुलिस ने अभी किसी को पूंछतांछ के लिए हिरासत मे नही लिया है।
फोटो नं.-12उरई01 और 02







Leave a comment