उरई। एट टोल प्लाजा के पास फोर लेन पर एआरटीओ की चैकिंग के दौरान ओवरलोड ट्रक चालक गाड़ी सड़क पर ही छोड़कर भाग निकले। जिससे कानपुर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग जाम हो गया है। लोगों को इसके चलते भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
एआरटीओ सर्वेश कुमार ने शुक्रवार को दोपहर में ओवर लोडिंग के खिलाफ एट टोल प्लाजा के पास चैकिंग अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने और एट थानाध्यक्ष चंद्रशेखर दुबे की टीम ने पांच ओवर लोड ट्रकों को जब्त कर लिया। जैसे ही यह खबर फैली झांसी की ओर से आ रहे ओवर लोड ट्रक चालक जहां मौका मिला ट्रक रोड पर ही छोड़ कर भाग गये। सैकड़ों ट्रकों के रोड पर खड़े हो जाने से रोड जाम हो गया। शादियों की व्यस्त लगन होने के कारण आवागमन तेज था। जिससे कई बसे और अन्य वाहन रोड पर जाम हो गये। लोगों को गर्मी और प्यास की वजह से जाम में हलकान होना पड़ा।

Leave a comment