उरई। शुक्रवार की दोपहर बाद जिले भर में तेज आंधी के साथ बारिश होने से तपता मौसम सुहावना हो गया। दूसरी ओर आंधी में कई जगह पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर जाने से आवागमन प्रभावित हुआ। आंधी ने विद्युत व्यवस्था को भी प्रभावित किया। खंभें गिर जाने और तार टूट जाने से आपूर्ति बाधित हो गई।
शहर में भी तेज आंधी ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। राजमार्ग पर स्टेट बैंक के सामने पेड़ गिर जाने से जाम की स्थिति पैदा हो गई। एसपी आॅफिस के गेट के सामने भी एक बड़ा पेड़ गिर गया। लोक निर्माण भवन के सामने पेड़ धराशाई होने से कई लोग बाल-बाल बचे। कुछ जगहो से आंधी-पानी के साथ-साथ ओला गिरने के समाचार भी मिल रहे हैं।
आज वैवाहिक कार्यक्रमों की भी व्यस्त लगन थी। आंधी के कहर की वजह से इन कार्यक्रमों की सारी तैयारी गड़बड़ा गई। जनाती और बराती दोनों पक्षों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर कैलिया से मिली खबर के अनुसार जबर्दस्त आंधी में विशालकाय नीम का पेड़ गिर पड़ा जिससे विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। क्षेत्र में आंधी की चपेट में कई पशु-पक्षियों के प्राण पखेरू उड़ जाने की खबर है।







Leave a comment