उरई। शुक्रवार को कोंच कस्बे में सरे बाजार ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार से पूरा इलाका दहशत से भर गया। बाइक सवार किसी व्यक्ति ने एक युवक के ऊपर पूरी रिवॉल्वर ही खाली कर दी जिसमें से पांच गोलियां युवक के शरीर के विभिन्न हिस्सों में धंस गईं। हमलावर वहां से फरार हो गया। इलाकाई लोगों की मदद से घायल युवक को सीएचसी पहुंचाया गया लेकिन वहां प्राथमिक चिकित्सा के नाम पर कुछ भी नहीं नहीं मिलने से लोग बौखला गये और वहां थोड़ी देर के लिये अराजकता जैसी स्थिति बनती दिखी। बहरहाल आनन-फानन घायल को ऐंबुलेंस में डाल कर झांसी ले जाया गया है जहां फिलहाल उसकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। हमला किस बात को लेकर हुआ, यह भी फिलहाल अंधेरे में है, पीड़ित की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं आई है।
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की देर शाम लगभग साढे आठ बजे के आसपास जवाहर नगर और तिलक नगर के बीच भरे बाजार मयंकजी मार्केट के सामने सिर पर हैलमेट लगाये बाइक सवार एक युवक वहां आया। वहां दूसरी बाइक पर बैठे एक अन्य युवक शिवपूजन गुर्जर निवासी रतनपुरा थाना कैलिया हालमुकाम सुभाषनगर मोहल्ला कोंच अपने किसी मित्र से बात कर रहा था तभी हैलमेट लगाये युवक वहां पहुंचा और शिवपूजन से बात करने लगा। इसी बीच उक्त हैलमेट लगाये युवक ने अपनी अंटी में खोंसी गई रिवॉल्वर निकाली और ताबड़तोड़ छहों राउंड शिवपूजन के ऊपर झोंक मारे। पांच गोलियां शिवपूजन के शरीर के विभिन्न हिस्सों में धंस गईं और शिवपूजन वहीं गिर गया। गोलियों की तड़तड़ाहट से बाजार में दहशत फैल गई, देखते ही देखते दुकानों के शटर गिर गये। उसके तीन गोलियां सीने में, एक पांव में और एक पेट में लगी थी। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन घायल शिवपूजन को उठा कर बाइक पर लादा और सीएचसी ले गये। घायल की हालत तेजी बिगड़ती जा रही थी लेकिन सीएचसी में दवाओं और मरहम पट्टी के नाम पर कुछ भी नहीं मिलने से घायल के साथ आई भीड़ भड़क गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस के भी हाथ पांव वहां की स्थिति देख कर फूल रहे थे। बहरहाल, कोतवाल देवेन्द्र कुमार द्विवेदी, एसएसआई अजय कुमार सिंह, सभी चैकियों के इंचार्ज संजीव यादव, घनश्याम यादव, जयवीर सिंह, अरविंद द्विवेदी भारी पुलिस बल के साथ पहले मौके पर फिर अस्पताल पहुंच गये और घायल के लिये ऐंबुलेंस आदि की व्यवस्था करवा कर झांसी रवाना करवाया। सीओ नवीन कुमार नायक ने भी मौके का निरीक्षण करके उच्चाधिकारियों को घटना के बाबत जानकारी दी। ताजा जानकारी के मुताबिक घायल के शरीर से तीन गोलियां निकाल दी गई हैं जबकि दो गोलियां अभी भी शरीर में पैबस्त हैं लेकिन फिलहाल स्थिति खतरे के बाहर बताई गई है। इस हमले का कारण फिलवक्त अज्ञात ही बना हुआ है जब तक कि घायल या उसके परिजनों की ओर से किसी प्रकार की तहरीर नहीं आ जाती है।
सीएचसी में फस्र्ट एड तक की नहीं है व्यवस्था
जाने वाली सरकारों के दावे रहे हों या आने वाली सरकार दम भरे कि गरीबों और आम जनता के लिये उनकी ओर से बेहतर स्वास्थ्य सेवायें मुहैया कराई जा रहीं हैं। इस तरह के दावे तब खोखले होते दिखे जब बीती रात कोंच में सीएचसी पहुंचे गोली खाये घायल की मरहम पट्टी तक की व्यवस्था वहां नहीं थी। इतना ही नहीं, आपातकाल के लिये वहां ऑक्सीजन के खाली सिलिंडर के अलावा कुछ भी नहीं मिला। जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे शिवपूजन को कैसे यहां से ले जाया गया इसका जबाब अस्पताल प्रशासन से इस लिये मांगना चाहिये क्योंकि मोंठ तक उक्त घायल को बिना ऑक्सीजन के केवल राम भरोसे ही ले जाया गया और मोंठ से ऑक्सीजन की व्यवस्था करनी पड़ी तब झांसी तक उसे सुरक्षित पहुंचाया जा सका। हैरानी की बात यह है कि हर महीने अस्पताल के रखरखाव और कर्मचारियों के वेतन पर लाखों का खर्च सरकार करती है लेकिन यहां लोगों को दो पैसे की भी सुविधा नहीं है।







Leave a comment