उरई। गुदड़ी के लालों को खोज कर उनके बाजिव मुकाम तक पहुँचाने की क्षीर सागर परिवार की पहल प्रदेशीय विभूतियों को भी आलोड़ित कर गई। शनिवार ले दिन मौका था सेंगर पैराडाइस में आयोजित अपनत्व के कार्यक्रम का। क्षीरसागर परिवार ने जिन 150 गरीब परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर और आधुनिकतम पढ़ाई के लिए अपनाया है, इस कार्यक्रम के माध्यम से उनके लिए यह पहली कक्षा के आयोजन जैसा रूपक था जिसका उददेश्य प्रदेश और जिले की गणमान्य हस्तियों के बीच उन्हे अपनी गौरवशाली उपस्थिति का अहसास कराना रहा तांकि पहले दिन से ही वे ऊँचे मनोबल के साथ अग्रसर होने की ऊर्जा प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री और राज्यसभा सदस्य शिवप्रताप शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। उन्होंने कहा कि क्षीरसागर परिवार की मुखिया माधुरी अरविंद तिवारी के सही संस्कारों का फल है कि उनकी बेटी नम्रता तिवारी दीक्षित और उनके पति माधौगढ़ के पूर्व ब्लाॅक प्रमुख सुदामा दीक्षित ने समाज सेवा के क्षेत्र में नया इतिहास रचने वाली ऐसी पहल की है जो हम जैसे नेताओं को भी राह दिखाने वाली है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और ऊंचाहार रायबरेली से विधायक मनोज पांडेय ने भी कहा कि सुदामा उनके अनुज हैं। लेकिन उन्होंने और उनकी पत्नी नम्रता ने ऐसा प्रयास किया है कि उन्हें दोनों से प्रेरणा लेने की जरूरत महसूस होने लगी है।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा भाजपा के जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल, पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगोई, मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह, कानपुर के युवा उद्योगपति नरेंद्र शर्मा और यज्ञदत्त त्रिपाठी ने भी अपनत्व की पहल को इसी तरह गदगद होकर नवाजा। सुदामा दीक्षित ने इसके बाद आये हुए अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किये।

Leave a comment