0 अनछुये रूटों पर दौड़ेंगी रोडवेज की बसें, विधायक ने दिखाई हरी झंडी
कोंच-उरई। यूपी के परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार स्वतंत्रदेव सिंह ने जिले में रोडवेज बस सेवा को नये आयाम देने का काम किया है। कोंच में शनिवार को विधायक मूलचंद्र निरंजन और क्षेत्रीय प्रबंधक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम झांसी डीवी सिंह ने पांच बसों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि माधौगढ़ और कोंच इलाके में जिन दूरदराज के इलाकों में बसों के पहुंचने की कल्पना मात्र की जा सकती है, वहां बसें पहुंचाने के लिये वह कृत संकल्पित हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि कोंच से औरैया वाया जालौन, झांसी से औरैया वाया कोंच सुबह 8 बजे झांसी से चल कर 10.30 कोंच आना तथा 11 बजे यहां से रवाना। कोंच से मऊरानीपुर के लिये सुबह 7 बजे वाया एट, एरच, गुरसरांय, कोंच से चित्रकूट सुबह 8 बजे उरई, राठ, महोबा के रास्ते तथा गिदवासा-कोंच से दिल्ली बसें शुरू की गईं हैं, इसके अलावा महाराजपुरा से कानपुर के लिये भी शुरू किये जाने को यहां हरी झंडी दिखाई गई।
रेल पुरुष से सड़क पुरुष बनने की राह पर निकले समाजसेवी सुनील लोहिया के रोडवेज बसों के संचालन के प्रयासों को विधायक ने परवान चढ़ाया और राज्यमंत्री ने उसे साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वरिष्ठ भाजपा नेता हबीब कुरैशी की अध्यक्षता, विधायक मूलचंद्र निरंजन के मुख्य आतिथ्य तथा क्षेत्रीय प्रबंधक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम झांसी डीवी सिंह, भाजपा नेता सुनील शर्मा और समाजसेवी सुनील लोहिया के विशिष्ट आतिथ्य में संजोये गये संक्षिप्त कार्यक्रम में विधायक ने कहा कि उनका सपना अपने विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास कराना है और इस भगीरथ कार्य में यहां की जनता के मार्गदर्शन की अपेक्षा है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने कहा कि जनपद जालौन के उन दूरदराज के क्षेत्रों जहां कभी रोडवेज क्या, प्राइवेट बसें तक नहीं गईं हैं वहां रोडवेज की बसें चलाने की शासन की योजना को साकार करने का प्रयास किया जा रहा है। इस कार्य में प्राइवेट मिनी बसों को भी अनुबंधित करने की योजना है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुये सुनील लोहिया ने कहा कि उनका मकसद केवल यह है कि कोंच क्षेत्र के लोगों को ज्यादा से ज्यादा रेल और बस सुविधायें मिलें, इसके लिये वह प्राणपण से जुटे हैं। उन्हें उम्मीद है कि इलाके की जनता उनका इस कार्य में सहयोग करेगी। उन्होंने राज्यमंत्री स्वतंत्रदेव सिंह और विधायक मूलचंद्र के सकारात्मक प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना की। संचालन रोडवेज इम्लाइज यूनियन के जिलाध्यक्ष रियाजुल ने किया। पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष सुनीलकांत तिवारी, सुनील शर्मा, राजीव रेजा आदि ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान नरेन्द्र मयंक, अनिल अग्रवाल, अमित उपाध्याय, जगदीश अग्रवाल, धर्मेन्द्र राठौर, आनंद सेठ, नरेश वर्मा, अमित सोनी, ब्रजेन्द्र कुशवाहा, महेन्द्र निरंजन, राहुलबाबू, अंकित पटेल, निश्चल मयंक, नरेन्द्र मोहन गुप्ता, संतोष गिरवासिया, निखिल सोनी, अमन पटवा, राहुल कुशवाहा, इंद्रसिंह चैहान आदि मौजूद रहे।
अगर जमीन मिले तो बने भव्य बस स्टैंड
कोंच में एक अदद भूखंड की कमी यहां सुव्यवस्थित बस अड्डे की स्थापना में आड़े आ रही है। राज्य सड़क परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक झांसी डीवी सिंह ने कोंच से शुरू की गईं पांच बसों को हरी झंडी दिखाने के लिये आयोजित कार्यक्रम में अपनी इस पीड़ा का इजहार करते हुये कहा कि केवल बसों के संचालन से किसी जगह के विकास को नहीं नापा जा सकता है। कोंच लाखों की आबादी का शहर है और आसपास की लाखों जनता यातायात सुविधा से जुड़ी होने के बाबजूद यहां बस स्टैंड न होना त्रासदपूर्ण है। अगर विभाग को जमीन मिल जाये तो बस स्टैंड बनवाने में विभाग को कोई दिक्कत नहीं है। विधायक मूलचंद्र निरंजन ने भरोसा दिया कि जिला परिषद् की जमीन को रोडवेज के हक में हस्तांतरित कराने का वह पूरा प्रयास करेंगे और जल्दी ही यहां एक सर्व सुविधा संपन्न बस स्टैंड के निर्माण का मार्ग जरूर प्रशस्त होगा। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने जिला परिषद् के उक्त भूखंड का अवलोकन भी किया।

Leave a comment