
उरई । गत 4/5 मई की दरम्यानी रात जयपुर से लौट रहे दंपत्ति के साथ जालौन औरैया रोड पर लूटपाट और उसके बाद पति को बंधक बना कर पत्नी के साथ आधा दर्जन बदमाशों द्वारा गैंग रेप के चुनौतीपूर्ण मामले का खुलासा हो गया है ।
पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगोई ने पुलिस लाइन्स में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि तीन रेपिस्ट गिरफ्तार किए गये हैं जबकि तीन और नामों का खुलासा हुआ है जिनकी तलाश की जा रही है ।
यह मामला पूरी तरह ब्लाइंड था जिससे अपराधियों तक कानून के हाथ इतनी जल्द पहुँच जाना पुलिस की बड़ी कामयाबी मानी जानी चाहिये। गौरतलब यह है कि पीड़िता बाद में लोकलाज की वजह से बलात्कार के आरोप से मुकर गई थी लेकिन गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस के सामने लूट के साथ महिला से रेप भी करने की बात स्वीकार कर ली है ।
गिरफ्तार किए गये भूरा पुत्र मुश्ताक , फिरोज उर्फ लगड़ा निवासी गण भीखेपुर थाना अजीतमल जिला औरैया व कल्लू निवासी चपटा थाना अजीतमल जिला औरैया अंतर्राज्यीय अपराधी हैं जो आए दिन संगीन वारदात को अंजाम देते थे लेकिन पुलिस की निष्क्रियता से अभी तक पकड़े नहीं जा सके थे। 22 अप्रैल को कानपुर महानगर के सचेण्डी थाना क्षेत्र में पड़ी भीषण डकैती भी इन्ही का हाथ था । पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इनके कब्जे से पीड़िता का मोबाइल, लूटे गये जेवर और 6 हजार रुपये के अलावा 2 तमंचे व कारतूस बरामद किए गये हैं ।
जिस बुलेरों मैक्सी गाड़ी में लिफ्ट दे कर दंपत्ति को लाया गया था उसकी बरामदगी के लिए भागे हुए बदमाशों अली मुहम्मद निवासी सेनपुरा , भीखेपुरा थाना अजीतमल औरैया और रफ़ीक व भूरा पुत्र अज्ञात निवासी गण गोहद भिंड को दबोचने की कोशिश की जा रही है । पत्रकार वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र शाक्य व सी ओ सिटी अरुण कुमार सिंह भी मौजूद थे ।
निर्भया कांड से ज्यादा हैवानियत
यह वारदात जिस दिन हुई उस दिन सारे देश में निर्भया कांड पर सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले की चर्चा हो रही थी लेकिन हैवानियत में यह घटना निर्भया कांड को भी मात करने वाली थी । नव विवाहिता के साथ आधा दर्जन लोगों द्वारा दुष्कर्म की यह घटना दिल्ली में हुई होती तो सारे देश में निर्भया कांड से बड़ा तूफ़ान खड़ा हो जाता। पुलिस ने भी स्वीकार किया कि इस कांड की वजह से ऐसे गैंग का खुलासा हुआ है जिसका काम ही था औरैया में देर रात जालौन के लिए भटकती सवारियों को लिफ्ट दे कर लूटना और अगर महिला सवारी हो तो उसके साथ दरिंदगी भी करना लेकिन पहले ऐसे पीड़ितों ने शर्म की वजह से पुलिस की ओर रुख नहीं किया । इस बार पीड़ित युवती ने हिम्मत दिखाई जिससे अपने किए की सजा के लिए अपराधी कानून की गिरफ्त में आ गये ।





Leave a comment