कोंच-उरई। कोंच सर्किल के कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम कूंड़ा निवासी लखनलाल वर्मा की पुत्री रजनी देवी ने यहां कोतवाली पुलिस के अलावा सीओ कोंच नवीन कुमार नायक को भी प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई है कि उसके पति को दूसरी शादी करने से रोका जाये।
रजनी की शादी 29 जून 2011 को अनिल कुमार वर्मा पुत्र नंदराम वर्मा निवासी बजेरा थाना शाहजहांपुर जिला झांसी के साथ हुई थी लेकिन रजनी को शादी के छह साल बाद भी बच्चा नहीं होने की बिनाह पर उसने बिना तलाक लिये ही घर से निकाल दिया जिसके चलते रजनी अपने मायके कूंड़ा में रह रही है। उसने भरण-पोषण का और उसके पति ने तलाक का मुकदमा दायर कर रखे थे जिसमें तलाक की अर्जी पेंडिंग बताई गई है जबकि भरण पोषण मामले में अदालत ने अनिल को आदेशित किया कि ढाई हजार रुपये प्रति माह वह अपनी पत्नी को देगा लेकिन उसके पति ने उक्त आदेश के बाद भी भरण पोषण का पैसा नहीं दिया। इसके अलावा अनिल ने अपनी दूसरी शादी भी अछरू माता मडिया जिला टीकमगढ में रचाई थी जिसे रजनी आदि ने पृथ्वीपुर पुलिस की सहायता से रुकवा दिया था। अब रजनी को अंदेशा है कि उसका पति कोतवाली क्षेत्र की रहने बाली लड़की से दूसरा व्याह रचा सकता है लिहाजा उसने कोतवाली पुलिस के साथ ही सीओ को भी प्रार्थना पत्र देकर मांग की है कि उसके पति को दूसरी शादी करने से रोका जाये।







Leave a comment