उरई। स्वाधीनता के पहले से अंग्रेजी संवाददाता के रूप में पारी की शुरूआत कर जिले में कई दशकों तक अग्रणी स्वच्छ पत्रकारिता के मानक स्थापित करने वाले स्व. बाबू रामेश्वर दयाल श्रीवास्तव के नाम पर जालौन फोरलेन चैराहे के नामकरण और उनकी प्रतिमा की स्थापना के लिए जनपद के प्रमुख पत्रकार, समाजसेवी और साहित्यकार एकजुट होकर डीएम को प्रार्थनापत्र देगें।
स्व. बाबू रामेश्वर दयाल श्रीवास्तव इतिहास में जालौन जनपद की पत्रकारिता के पितामह के रूप में दर्ज हैं। उन्होंने अंग्रेजी अखबार पायनियर के संवाददाता के रूप में 50 वर्ष तक पत्रकारिता की। उनके समाचार अनूठेपन की झलक समाहित किये हुए रहते थे। उन्होंने जनपद में कई पीढ़ियों तक युवा पत्रकारों का मार्गदर्शन किया। बाबू रामेश्वर दयाल श्रीवास्तव बहुत अच्छे साहित्यकार भी थे। जनपद के पत्रकार और साहित्यकार महसूस करते हैं कि उनकी स्मृति को संजोकर रखने से जनपद में गौरवशाली परंपराओं का विकास होगा।
जालौन फोरलेन के लिए कालपी रोड पर बने चैराहे के पास बाबू रामेश्वर दयाल श्रीवास्तव की समाधि है। बाबू रामेश्वर दयाल श्रीवास्तव की स्मृति को चिरस्थाई करने के लिए इसी स्थान पर उनकी प्रतिमा लगाने और चैराहे को उनके नाम पर समर्पित करने की मांग को लेकर पत्रकारों, साहित्यकारों व समाजसेवियों का संयुक्त प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही जिलाधिकारी को ज्ञापन भेंट करेगा। यह जानकारी वरिष्ठ पत्रकार अनिल शर्मा और विनोद गौतम ने एक विज्ञप्ति में दी। उन्होंने कहा कि एक-दो दिन में बैठक बुलाकर ज्ञापन देने की तिथि तय कर दी जायेगी।







Leave a comment