0 कोंच तहसील दिवस में आईं कुल 55 फरियादें, 2 का मौके पर निस्तारण
कोंच-उरई। एसडीएम मोईन उल इस्लाम ने तहसील दिवस के दौरान अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि उनके समक्ष जो समस्यायें आती हैं उनका निस्तारण एक सप्ताह में हो जाना चाहिये और उक्त समस्या का क्या निस्तारण किया गया इस संबंध में शिकायतकर्ता को जरूर अवगत करायें क्योंकि ऐसा नहीं होने की स्थिति में शिकायतकर्ता को यह मालूम ही नहीं रहता है कि उसकी समस्या का निस्तारण हो गया है और किस प्रकार का हुआ है, ऐसे में वह फिर अगले तहसील दिवस में उस समस्या को लेकर आता है। यह स्थिति ठीक नहीं है और शासन की मंशा के प्रतिकूल भी है।
मंगलवार को तहसील सभागार में एसडीएम मोईन उल इस्लाम की अध्यक्षता और सीओ नवीनकुमार नायक की मौजूदगी में निपटे तहसील दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 55 समस्यायें आईं जिनमें 2 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। पिछले तहसील दिवसों की लंबित बीस समस्याओं को लेकर एसडीएम मोईन उल इस्लाम ने उन विभागों को एक बार फिर कड़ी चेतावनी देते हुये कहा कि तमाम निर्देशों के बाद भी समस्याओं के निस्तारण की स्थिति ठीक नहीं जान पड़ रही है और अधिकारी अपने उत्तरदायित्वों का ठीक ढंग से निर्वहन नहीें कर रहे हैं। ग्राम चमरौआ खुर्द निवासी रविपालसिंह गुर्जर ने तालाब पर से अतिक्रमण हटवाने की मांग की, ग्राम अकनीबा से भ्ज्ञी इसी तरह की मांग आई जिसमें एसडीएम ने लेखपाल को बुला कर तालाब का चिन्हांकन करने और अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिये। पक्के अतिक्रमणों को लेकर उन्होंने रिपोर्ट तैयार कर उन्हें देने की बात कही। कांग्रेस नगर अध्यक्ष प्रभुदयाल गौतम ने तहसील दिवसों के औचित्य पर भी सवालिया निशान जड़ दिये हैं। उन्होंने कहा है कि तहसील दिवस में आने वाली शिकायतों का कभी समाधान होता ही नहीं है बल्कि घर में या दफ्तर में बैठ कर अधिकारी समस्याओं का कागजी निस्तारण कर जनता और शासन को भ्रमित करने में लगे हैं। तहसील दिवस में पानी और अतिक्रमण की समस्यायें ही ज्यादा आईं। इस दौरान कोतवाल देवेन्छ्रकुमार द्विवेदी, एआरओ अखिलेश कुमार, एसडीओ विद्युत कौशलेन्द्र सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके शुक्ला, सीडीपीओ कोंच अंकिता वर्मा, मंडी निरीक्षक रवि, खंड शिक्षा अधिकारी अजितकुमार, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. जितेन्द्र वर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मानसिंह, कैलिया एसआई शिवपाल सिंह, नदीगांव से बीडी बुंदेला, एट से वीरेन्द्रसिंह, एडीओ समाज कल्याण वीके निरंजन आदि मौजूद रहे।
फसल जलने पर दो को पंद्रह-पंद्रह हजार
शासन द्वारा किसानों के खलिहानों में अग्निकांड में फसल जलने को लेकर दिये जाने बाले मुआवजे के तहत मंगलवार को ऐसे दो किसानों को पंद्रह पंद्रह हजार रुपये के चेक दिये गये। एसडीएम मोईन उल इस्लाम ने लाभार्थी कृषकों राजकुमार पुत्र रघुवरदयाल निवासी ग्राम अंडा तथा दिग्विजय सिंह पुत्र मलखानसिंह निवासी ग्राम धनौरा को चेक प्रदान करते हुये बताया कि मंडी परिषद् ऐसे किसानों जिनकी फसलें जल जाती हैं, को खलिहान अग्निकांड दुर्घटना बीमा योजना के तहत वित्तीय सहायता के रूप में यह राशि प्रदान की जा रही है। इस दौरान मंडी निरीक्षक रवि, मंडी सहायक अशोक आदि मौजूद रहे।





Leave a comment